उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मण्डल के संयुक्त लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर लाबी प्रयागराज में संचालन समन्वय संगोष्ठी का सफल आयोजन

प्रयागराज। लाबी प्रयागराज में आज प्रयागराज स्टेशन के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों की उपस्थिति में संचालन समन्वय संगोष्ठी का सफल आयोजन किया गया। मुख्य क्रू नियंत्रक (सा.)
वासुदेव पाण्डेय ने संगोष्ठी के प्रारंभ में संगोष्ठी का उद्देश्य, विभिन्न विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर सुरक्षित, समयबद्ध एवं प्रभावी रेल संचालन को और अधिक सुदृढ़ बनाना बताया, कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्टेशन निदेशक रहे उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि रेल संचालन की सफलता केवल किसी एक विभाग के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि सभी विभागों के आपसी समन्वय, संवाद और उत्तरदायित्वपूर्ण कार्यशैली से ही संरक्षित एवं निर्बाध रेल परिचालन सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। स्टेशन अधीक्षक संतोष त्रिपाठी ने बताया कि संगोष्ठी उत्कृष्ट रेल संचालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुई, जिसने विभिन्न विभागों के बीच सहयोग, संवाद और विश्वास को और अधिक सुदृढ़ करने का कार्य किया। संगोष्ठी में लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर, कैरिज एंड वैगन (C&W), ट्रैफिक विभाग, इंजीनियरिंग विभाग, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) सहित अन्य विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा परिचालन संबंधी महत्वपूर्ण विषयों पर अपने अनुभव एवं सुझाव साझा किए, कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के शाखा प्रबंधक संदीप सोनी (मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय शाखा) का जागरूकता सत्र रहा जिन्होंने उपस्थित सभी कर्मचारियों को बढ़ते साइबर अपराध, ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, ओटीपी एवं लिंक फ्रॉड से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए। उन्होंने सभी से अपील की कि किसी भी परिस्थिति में बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना बैंक एवं संबंधित एजेंसियों को दें, संगोष्ठी के दौरान विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने संरक्षा, समयपालन, परस्पर समन्वय, सूचना के त्वरित आदान-प्रदान तथा कार्यस्थल पर बेहतर संवाद को और प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए। सभी प्रतिभागियों ने इस प्रकार के संयुक्त कार्यक्रमों को समय-समय पर आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया। संगोष्ठी कार्यक्रम में वरिष्ठ क्रू नियंत्रक परिचालन, मुख्य नियंत्रक 10 आवर्स, मुख्य लोको निरीक्षक, मुख्य ट्रेन मैनेजर सलाहकार लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर आदि ने अपने अपने विचार रखे। कार्यक्रम का प्रभावी एवं गरिमामय संचालन वासुदेव पाण्डेय मुख्य क्रू नियंत्रक सामान्य ने किया उन्होंने सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए संगोष्ठी के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला तथा कार्यक्रम के अंत में सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
