दीपावली एवं छठ पर्व के दृष्टिगत रेलवे स्टेशन प्रयागराज जंक्शन पर व्यापक सघन चेकिंग अभियान

कुलदीप शुक्ला की रिपोर्ट
प्रयागराज। प्रदीप कुमार गुप्ता के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, प्रयागराज दीपक कुमार आजाद दीपावली एवं छठ पर्व के दृष्टिगत रेलवे स्टेशन प्रयागराज जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF), राजकीय रेलवे पुलिस (GRP), बम निरोधक दस्ता (BDS) एवं डॉग स्क्वाड की संयुक्त टीम द्वारा व्यापक सघन चेकिंग अभियान संचालित किया गया।
अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन के सभी प्रमुख संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों, यथा प्लेटफॉर्म, यात्री गाड़ियों, पार्किंग स्थल, सर्कुलेटिंग एरिया, फुट ओवर ब्रिज एवं संपूर्ण स्टेशन परिसर में सघन चेकिंग एवं तलाशी की गई। इस दौरान यात्रियों के सामान, संदिग्ध एवं लावारिस वस्तुओं की विशेष रूप से जांच की गई। साथ ही BDS एवं डॉग स्क्वाड की सहायता से स्टेशन परिसर एवं यात्री गाड़ियों में सुरक्षा जांच सुनिश्चित की गई।
चेकिंग अभियान के दौरान यात्रियों को ज्वलनशील एवं विस्फोटक पदार्थों को रेलगाड़ियों में लेकर यात्रा न करने, किसी भी लावारिस वस्तु को न छूने तथा संदिग्ध व्यक्ति अथवा वस्तु दिखाई देने पर तत्काल RPF/GRP को सूचित करने के संबंध में जागरूक किया गया।
उक्त अभियान का उद्देश्य दीपावली एवं छठ पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती आवाजाही के दृष्टिगत रेलवे स्टेशन एवं रेल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना तथा किसी भी संभावित अप्रिय घटना की रोकथाम सुनिश्चित करना है।
अभियान के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु अथवा आपत्तिजनक गतिविधि प्रकाश में नहीं आई। रेलवे स्टेशन प्रयागराज जंक्शन पर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु संयुक्त चेकिंग, सतत निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

