कुँए में गिरने से 42 वर्षीय युवक की मौत,घर मे मातम पसरा
सुधीर सिंह की रिपोर्ट
बैरिया, बलिया । स्थानीय थाना क्षेत्र के मधुबनी गांव में महंथ बाबा के मठिया के निकट शुक्रवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में कुएं में गिरने से 42 वर्षीय युवक की मौत हो गई।सूचना पर शनिवार को पहुंची बैरिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक सत्यनारायण गोड़ 42 वर्ष निवासी मधुबनी के पत्नी सहित कुल 6 बच्चे हैं। घर में सत्यनारायण अकेले कमाऊ सदस्य थे।जिनके मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी रेनू देवी ने बताया कि मेरे पति घर के पास ही जर्जर कुएं पर प्रतिदिन की भांति रात को गर्मी के कारण बैठे हुए थे। अचानक कुएं में कैसे गिर गए परिजनों को कोई जानकारी नही हो पाया। सुबह उनका शव कुएं में उतराया देख हम लोगों को दुर्घटना के विषय में जानकारी हुई। मृतक के कुछ कपड़े कुएं के पास पड़े हुए थे। इस दुर्घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा व्याप्त है। पुलिस ने इस मामले में परिजनों के कहने पर इत्तेफाकिया रिपोर्ट दर्ज किया है। चौकी इंचार्ज सुरेमनपुर सुमित कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद इस संदर्भ में आगे की कार्रवाई होगी।
