महायज्ञ में सुरक्षा व्यवस्था की मांग, मुख्यमंत्री को भेजा गया पत्र

सुधीर सिंह की रिपोर्ट
बैरिया, बलिया। क्षेत्र के मिल्की धाम में आगामी 7 जुलाई को आयोजित होने वाले एक दिवसीय महायज्ञ, पूजन एवं वृहद भंडारे के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए पर्याप्त पुलिस बल एवं सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की सरकार से मांग की गयी है।
इस संबंध में भाजपा कार्यकर्ता एवं समाजसेवी सूर्यमान सिंह ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक पत्र भेजकर आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया है। पत्र की प्रतिलिपि जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक बलिया को भी भेजी गई है। इस पर अपर मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री कार्यालय संजय प्रसाद की ओर से संबंधित अधिकारियों को जनहित में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिये गए हैं।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि क्षेत्र के प्रसिद्ध व सिद्ध संत श्री श्री 1008 स्वामी जी महाराज बाबा की मठिया, मिल्की धाम (चक गिरधर, तिवारी के मिल्की), थाना कोतवाली बैरिया में 7 जुलाई को सुबह 6 बजे से जनकल्याणार्थ एक दिवसीय महायज्ञ, पूजन एवं वृहद भंडारे का आयोजन प्रस्तावित है। यह धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम देर शाम तक चलेगा।
आयोजकों के अनुसार महायज्ञ का उद्देश्य गंगा कटान एवं प्राकृतिक आपदाओं से क्षेत्र की रक्षा, किसानों एवं युवाओं की समृद्धि, प्रदेश की सुख-समृद्धि तथा विश्व शांति की मंगलकामना करना है। कार्यक्रम में बैरिया विधानसभा सहित जनपद बलिया एवं आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई गई है।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती आवश्यक बताई गई है। आयोजकों ने प्रशासन से सहयोग की अपेक्षा व्यक्त करते हुए कहा है कि उचित सुरक्षा व्यवस्था मिलने से धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सकेगा।
