सावधान: आगे मौत का गड्ढा है …जरा देख के चलें


भारतीय सहारा संवाददाता
संतकबीरनगर। बस्ती जिला से संतकबीरनगर जिले होते हुए महाराजगंज जिला से नेपाल राष्ट्र के सौनौली बार्डर को जोड़ने वाला लगभग 42 किलोमीटर लंबा बस्ती-मेंहदावल-तमकुहीराज मार्ग जोकि अब राष्ट्रीय राजमार्ग के अंतर्गत आता है इसकी हालत एकदम जर्जर हो गयी है तथा इसपर सफर करना अब लोगों के लिए आसान नहीं रहा है। इस मार्ग पर जगह-जगह भारी गड्ढे बन गए हैं। इस मार्ग पर पड़ने वाले बाघनगर बाजार, सेहुड़ा, कोइलसा,
सेमरियावां , दुधारा पिपरा हंकार, लोहरौली आदि स्थानों पर मार्ग की हालत एकदम जर्जर हो चुकी है।दो पहिया वाहन चालक तो अक्सर इसपर गिरकर आए दिन चोटिल हो रहे हैं।इस मार्ग पर प्रतिदिन हजारों की संख्या में छोटे-बड़े वाहन चलते हैं जिससे दुर्घटना की आंशका और प्रबल रहती है।दस वर्ष पहले इस मार्ग का निर्माण हुआ था तब से इस मार्ग का कोई पुरसाहाल नहीं है।हालात यह है इस बरसात में मौसम में सड़क के बीचो-बीच बड़े गड्ढे बन गए हैं इन गड्ढों भें पानी भरने के कारण वाहन अक्सर फंस जाते हैं जिससे लगातार परेशानी उत्पन्न हो रही है और यह सड़क के किनारे रहने वाले स्थानीय निवासियों के खतरा उत्पन्न हो रहा है।कुछ स्थानों पर हालात इतने बदतर हैं कि मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद होनी की आंशका जताई जा रही है। मार्ग के निर्माण के समय ही जलनिकासी के लिये नाली के निर्माण की मांग की गई थी लेकिन नाली का निर्माण नहीं किया गया जिससे बरसात का सारा पानी मार्ग पर ही इकट्ठा होने लगा।वहीं स्थानीय स्तर पर कुछ दुकानदारों द्वारा सारी पानी मार्ग पर गिराया जा रहा है जिससे मार्ग और जर्जर अवस्था में पहुंच गया। हाल ही में एक ई-रिक्शा पटलने से दो से तीन महिलाएं घायल हो गयीं।मौके पर स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाकर महिलाओं को बाहर निकाला अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
फिलहाल इस मार्ग के सुदृढ़ीकरण की अत्यंत आवश्यकता है अन्यथा किसी दिन भीषण दुर्घटना का सामना करना पड़ सकता है।

