भारतीय सहारा | जन-जन की बुलंद आवाज

40 लाख के जेवर और पांच लाख रुपये की चोरी के आरोप में साली को फंसाने का दावा

0 7

थाने के एक दरोगा पर धमकी देने और रुपये मांगने का आरोप

————————-

कुलदीप शुक्ला की रिपोर्ट

प्रयागराज। मऊआइमा निवासी मंजू सोनी और सूरज सोनी अपने परिवार के साथ इलेक्ट्रॉनिक मीडिया क्लब पहुंचे। यहां उन्होंने अपनी आपबीती सुनाते हुए न्याय की गुहार लगाई। पीड़ित परिवार ने बच्चा सोनी उर्फ आशीष सोनी और फाफामऊ थाने के एक दरोगा पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

सूरज सोनी के मुताबिक, करीब दो वर्ष पहले उनकी साली अपनी मौसी के घर फाफामऊ गई थीं। आरोप है कि वहां एक दिन रुकने के दौरान बच्चा सोनी उर्फ आशीष सोनी ने उन पर करीब 40 लाख रुपये के जेवर और पांच लाख रुपये नकद चोरी करने का आरोप लगाया। पीड़ित परिवार का दावा है कि इसके बाद उनकी साली को गिरफ्तार कर लिया गया।

परिवार ने आरोप लगाया कि गिरफ्तारी के दौरान रात में कुछ लोगों ने उनकी साली के साथ मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। पीड़ित पक्ष का कहना है कि उस समय किसी तरह मामला शांत हो गया था, लेकिन अब पुराने प्रकरण को लेकर एक बार फिर उन्हें परेशान किया जा रहा है।

मंजू सोनी के अनुसार, बच्चा सोनी उर्फ आशीष सोनी की फाफामऊ थाने के सामने चाय की दुकान है। परिवार का आरोप है कि पुलिस का हवाला देकर फोन पर उन्हें डराया-धमकाया जाता है और मुकदमे में फंसाने की बात कहकर रुपये देने का दबाव बनाया जाता है। पीड़ित पक्ष ने फाफामऊ थाने के एक दरोगा पर भी फोन के माध्यम से धमकी देने और रुपये मांगने का आरोप लगाया है। परिवार का दावा है कि इस सिलसिले में उनसे करीब 15 से 20 हजार रुपये लिए जा चुके हैं।

मंजू सोनी ने बताया कि उनके पास कथित तौर पर फोन पर धमकी देने और रुपये मांगने से संबंधित ऑडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर वह इसे पुलिस के उच्चाधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कर सकती हैं। परिवार ने मांग की है कि ऑडियो रिकॉर्डिंग की तकनीकी जांच कराई जाए, ताकि आरोपों की सच्चाई सामने आ सके।

मंजू सोनी ने बताया कि माता-पिता का साया सिर से उठ जाने और परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उन्हें पहले से ही कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में कथित धमकी और रुपये मांगने के मामले ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

इलेक्ट्रॉनिक मीडिया क्लब पहुंचे परिवार ने पत्रकारों के सामने अपनी शिकायत रखते हुए पुलिस के उच्चाधिकारियों से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। परिवार चाहता है कि चोरी के पुराने आरोपों, कथित मारपीट और रुपये मांगने की शिकायत की अलग-अलग पहलुओं से जांच की जाए। साथ ही, उपलब्ध कराई जाने वाली ऑडियो रिकॉर्डिंग की भी जांच कराई जाए और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

Below News
Leave A Reply

Your email address will not be published.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More