भारतीय सहारा | जन-जन की बुलंद आवाज

पेड़ के नीचे मृत मिला किशोर, मौत की बड़ी वजह आ रही सामने, जांच में जुटी पुलिस,मृतक की मां का रोते-रोते बुरा हाल

0 11

राजेश पाठक की रिपोर्ट

बलिया। छ्परा-बलिया रेलखंड पर स्थित रेवती रेलवे स्टेशन से सटे उत्तर दिशा में एक पेड़ के नीचे अचेतावस्था में किशोर को देख हड़कम्प मच गया। देखते ही देखते लोगों की भीड़ जुट गई। किशोर को आनन-फानन में सीएचसी रेवती पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना से किशोर के घर करुण-क्रंदन व चीत्कार मचा हुआ है। मृतक की मां भागमनी देवी का रोते-रोते बुरा हाल है।

मृतक की शिनाख्त पंकज साहनी (17) पुत्र जगेश्वर साहनी (निवासी नगर पंचायत रेवती वार्ड नं.8) के रुप में हुई है। पंकज इस वर्ष हाईस्कूल उत्तीर्ण किया था। वह तीन भाईयों में बड़ा था। पंकज के परिजनों व मुहल्लेवासियों ने मौत को साधारण न बताते हुए हत्या का आरोप लगाया। विरोध प्रदर्शन कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

बताया जा रहा है कि पंकज अपने मुहल्ले के संजय साहनी, दीपांकर साहनी तथा कुश साहनी के साथ रविवार की दोपहर रेवती रेलवे स्टेशन पर गया था। स्टेशन के उत्तर दिशा स्थित आम के पेड़ पर ढेला फेंक कर आम तोड़ रहा था। इसी बीच कोई व्यक्ति आया तथा उसको पकड़ कर पिटाई करने लगा। पंकज को पिटता देख उसके तीनों साथी भाग गए, जबकि पिटाई से पंकज अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा।

वहीं, किसी व्यक्ति द्वारा अचेत पंकज को बाइक से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेवती पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। उधर, घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। पंकज के परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, घटना से आक्रोशित सैकड़ों महिलाओं ने स्टेशन के समीप आरोपित के घर पहुंच कर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह समझा बुझाकर महिलाओं को शांत कराया। वहीं, एसआई प्रभाकर शुक्ला ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष राकेश रोहन का कहना है कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर अग्रेत्तर कार्यवाही की जायेगी।

Below News
Leave A Reply

Your email address will not be published.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More