परिजनों ने मजनू को पीटा, मजनू ने लगाया छिनैती का आरोप
बृजेश पाण्डेय
मुंगराबादशाहपुर (जौनपुर) । थाना क्षेत्र के एक युवक पर इश्क का भूत इस कदर सवार हुआ कि आव देखा न ताव अपनी कथित लैला से मिलने उसके घर पहुंच गया । जिसकी हरकतों से आक्रोषित उसके परिजनों द्वारा मजनू की पिटाई कर इश्क का भूत उतारने का मामला प्रकाश में आया है । मिली जानकारी के अनुसार मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के सिनेमा हाल गली( सराय रूस्तम ) निवासी आशीष कुमार मौर्य पुत्र सुभाष चन्द्र मौर्य पर इश्क का भूत इस कदर सवार हुआ कि वह अपनी कथित प्रेमिका से मिलने मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में उसके घर पहुंच गया । मजनू की हरकत देख परिजन पहले तो उसे राहगीर समझा लेकिन जब उसकी हरकतें बढ़ने लगी तो आक्रोषित कथित प्रेमिका के परिजनों ने मजनू बने आशीष कुमार मौर्य को दबोच कर उसकी दैहिक समीक्षा कर उसके सिर पर चढ़कर बोल रहे इश्क के भूत एवं उसकी आशिक मिजाजी को उतार दिया । मुंगराबादशाहपुर थाना प्रभारी को संबोधित प्रार्थना पत्र में आशिक आशीष कुमार ने बताया है कि वह बीते 18 जुलाई को अपनी प्रेमिका से मिलने जब उसके घर गया तो उसके परिजनों ने उसकी पिटाई कर मोबाइल आदि छीन लिया है तथा मांगने पर छेड़छाड़ के केश में फंसाने की धमकी दे रहे हैं ।इस बाबत पूछे जाने पर थानाध्यक्ष ने बताया कि इस घटना से संबंधित कोई भी मामला संज्ञान में नहीं आया है । यदि कोई सूचना मिलती है तो उसकी जांच पड़ताल कर कार्यवाही की जायेगी ।
