सुजानगंज पुलिस ने अंतरराज्यीय असलहा तस्कर गिरोह के पांच सदस्यों को किया गिरफ्तार



7.58 लाख रुपये नकद, भारी मात्रा में हथियार, कारतूस और 11 मोबाइल बरामद
सुजानगंज/जौनपुर। सुजानगंज थाना पुलिस ने शनिवार को कुरांवां नहर पुलिया के पास कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय असलहा तस्कर गिरोह के कथित मुख्य सरगना शुभम सिंह उर्फ शिवा सिंह समेत पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो 12 बोर बंदूक, 200 जिंदा कारतूस, एक 22 बोर रायफल, प्रतिबंधित 9 एमएम पिस्टल, 45 बोर ग्लॉक पिस्टल, कुल 10 कारतूस, 7 लाख 58 हजार रुपये नकद और 11 मोबाइल बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरोह उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों में अवैध हथियारों की तस्करी करता था। गिरफ्तार आरोपियों में जौनपुर और मध्य प्रदेश के निवासी शामिल हैं। गिरोह के सरगना शुभम सिंह के खिलाफ विभिन्न जनपदों में करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस ने हथियारों की आपूर्ति से जुड़े कानपुर के एक गन हाउस सहित अन्य लोगों के संबंध में भी जांच शुरू की है। कुछ संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें प्रयासरत हैं।
मामले में थाना सुजानगंज में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक जौनपुर द्वारा 20 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।
**पुलिस टीम:** थानाध्यक्ष अमित कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक आनंद राय सहित सुजानगंज थाने की पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
