16 से 22 जुलाई के मध्य भूजल सप्ताह का आयोजन
जौनपुर (सू0वि) । सहायक अभियंता लघु सिंचाई ने बताया कि 16 से 22 जुलाई 2020 के मध्य भूजल सप्ताह का आयोजन किए जाने का निर्णय लिया गया है। भूगर्भ जल के उपयोग में लगातार वृद्धि एवं गिरते भूजल स्तर तथा उस पर आसन्न संकट को दृष्टिगत रखते हुए जनसामान्य में इसके संचयन, संरक्षण एवं विवेकयुक्त उपयोग एवं विकास तथा संतुलित दोहन के प्रति अधिक से अधिक जागरूकता की दृष्टि से प्रचार प्रसार का यह कार्यक्रम शिक्षण संस्थानों, गैर सरकारी संगठनों, तहसील व विकासखंड स्तर के माध्यम से अधिक प्रभावी हो सकता है। उनकी अधिक से अधिक सहभागिता एवं व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करते हुए विकासखंड स्तर, तहसील स्तर, जनपद स्तर पर भूजल सप्ताह मनाया जाना है। इस वर्ष का मुख्य विचार बिंदु ’’वर्षा जल है जीवन – धारा, इसका संचयन संकल्प हमारा’’ रखा गया है। उन्होंने कोविड-19 के संबंध में राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों को ध्यान में रखते हुए अपने विभागों/संस्थानों में जल संरक्षण के संबंध में जन जागरूकता कार्यक्रम चलाने को कहा। उन्होंने कहा है कि समस्त अवर अभियंता लघु सिंचाई अपने विकासखंड में एक संक्षिप्त गोष्ठी का आयोजन करें।
