भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री का खटखटाया दरवाजा , लगाईं गुहार
थानेदार ने भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष को बताया है शातिर अपराधी तो एसडीएम ने थमाई है नोटिस –
बृजेश पाण्डेय
मुंगराबादशाहपुर (जौनपुर) । भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष आनंद जी लवकुश मोदनवाल ने थानाध्यक्ष रहे उपनिरीक्षक अरविंद कुमार यादव पर एक राजनीतिक पार्टी के नेता एवं भू माफियाओं के इशारे पर फर्जी मुकदमे दर्ज कर उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दरवाजा खटखटाते हुए रक्षा करने की गुहार लगाई है । मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष आनंद जी लवकुश मोदनवाल ने बताया है कि प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा के शासन में थानाध्यक्ष मुंगराबादशाहपुर रहे अरविंद कुमार यादव द्वारा राजनीतिक पार्टी के नेता एवं भू माफियाओं के इशारे पर साजिश के तहत फर्जी मुकदमे दर्ज कर उसकी राजनीतिक क्षबि धूमिल करने के लिए उसे शातिर एवं अभ्यस्थ किस्म का अपराधी करार दिया गया है । बताते चलें कि मुंगराबादशाहपुर थानाध्यक्ष का दायित्व संभालने वाले उपनिरीक्षक अरविंद कुमार यादव ने अपने कार्यकाल में बीते 18 मई 2020 को उपजिलाधिकारी मछ्ली शहर को भेजी रिपोर्ट में भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष आनंद जी लवकुश मोदनवाल को शातिर एवं अभ्यस्थ किस्म का अपराधी बताया है । अपनी आख्या में थानाध्यक्ष ने बताया है कि उक्त आनंद जी लवकुश मोदनवाल जो शातिर एवं अभ्यस्थ किस्म का अपराधी है के द्वारा समाज में किए जा रहे गलत व्यवहार से लोग भयभीत हो गए हैं तथा उसके गलत कार्यों का विरोध करने का साहस नहीं जुटा पा रहे हैं । जिसका स्वतंत्र रूप से रहना जनता के हित में नहीं है । थानाध्यक्ष रहे उपनिरीक्षक अरविंद कुमार यादव को रिपोर्ट पर एसडीएम मछली शहर अमिताभ यादव ने वाद संख्या 423 धारा 111 द०प्र० सं० के तहत आरोपी को नोटिस जारी कर आगामी 16 जून को उप जिलाधिकारी मछली शहर के न्यायालय में पेश होने की नोटिस थमा दिया है । मुख्य मंत्री को भेजे गए प्रार्थना पत्र में आनंद जी लवकुश मोदनवाल ने बताया कि उसे एक राजनीतिक पार्टी के नेता एवं भू माफिया के इशारे पर थानाध्यक्ष रहे उपनिरीक्षक अरविंद कुमार यादव द्वारा उसके खिलाफ साजिश के तहत मुकदमा दर्ज कर फंसाया गया है । लवकुश ने बताया है कि एक राजनीतिक दल के हिमायती रहे थानाध्यक्ष अरविंद कुमार यादव ने अपने कार्यकाल में भाजपा को बदनाम करने के लिए जहां जमकर जातिवाद को बढ़ावा दिया गया है वहीं एक राजनीतिक पार्टी के नेता एवं भू माफिया के इशारे पर भाजपा के कार्यकर्ता के विरुद्ध साजिश के तहत मनगढ़ंत कहानी रच आरोपित कर दिया है । लवकुश मोदनवाल ने इसकी उच्च अधिकारियों से जांच कराने की मांग की है ।
