प्रियंका गांधी को सोनभद्र जाने से रोका गया, प्रियंका बैठी धरने पर
सोनभद्र । उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में हुए जमीन विवाद को लेकर नरसंहार के बाद प्रियंका गांधी आज पीडि़तों का हाल जानने वाराणसी पहुंचीं। इसके बाद सोनभद्र जाने के दौरान उन्हें वाराणसी-मिर्ज़ापुर बार्डर पर नारायणपुर में रोक दिया गया। विरोध में कांग्रेस महासचिव सड़क पर ही धरने पर बैठ गईं। इसके बाद प्रियंका को एसडीएम की गाड़ी में बैठाया गया। उन्हें चुनार गेस्ट हाउस ले जाने के लिए पुलिस रवाना हो गई है।
इससे पहले बीएचयू के ट्रामा सेंटर में सोनभद्र में हुए नरसंहार के घायलों का हाल जानने शुक्रवार की सुबह 11:05 पर प्रियंका गांधी ट्रामा सेंटर पहुंची थीं। पुलिस प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। ट्रामा सेंटर के बैक एंट्री गेट से प्रियंका गांधी को हॉस्पिटल में प्रवेश कराया गया। इस दौरान मीडिया को उनसे दूर रखा गया। काफी प्रयास के बाद भी मीडिया बात नहीं कर सकी। प्रियंका गांधी ने चश्मदीद गवाह रामकुमार से घटना की जानकारी ली तथा घायलों का कुशलक्षेम पूछा। घायलों के चोट को भी देखा तथा हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
