सतहरिया में पासी समाज ने भरी हुंकार, कहा तीसरी बार बनेगी भाजपा की सरकार




अभिनंदन समारोह कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री कमलेश पासवान जी का हुआ भव्य स्वागत
——————————
अभिनंदन समारोह में अज्जू भैया जिंदाबाद के लगे नारे लोगों में दिखा उत्साह
——————————
वीरेंद्र कुमार ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट
सतहरिया, जौनपुर। कैबिनेट मंत्री कमलेश पासवान के आगमन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पासी समाज के लोगों ने भी जोरदार हुंकार भरते हुए कहा कि प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी।
समाज के लोगों ने सरकार की नीतियों और विकास कार्यों के प्रति अपना समर्थन जताते हुए कहा कि भाजपा सरकार में समाज के सभी वर्गों के विकास और सम्मान के लिए कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में मजबूती से खड़े रहने का संकल्प भी व्यक्त किया।
इस दौरान कमलेश पासवान केंद्रीय राज्य मंत्री ग्रामीण विकास मंत्रालय भारत सरकार ने पासी समाज के महापुरुषों के गौरवशाली इतिहास और उनके योगदान का उल्लेख करते हुए समाज को अपने इतिहास से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने सतहरिया क्षेत्र में उद्योगों को बढ़ावा देने और रोजगार के अवसर बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
वहीं, मुँगरा बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास को लेकर मंत्री ने कहा कि क्षेत्र को ऐसा विधायक चाहिए, जो जनता की समस्याओं को समझे, विकास की सोच रखे और योजनाओं को जमीन पर उतारने का काम कर सके। उनके इस बयान को अजय शंकर दुबे के समर्थन के रूप में देखा जा रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सांसद बीपी सरोज ने किया। अभिनंदन समारोह मंच से विकास पुरुष कहे जाने वाले नगर पालिका अध्यक्ष कपिल मुनि ने सरकार के जनकल्याणकारी योजनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि सरकार देश को मजबूत करने की दिशा में अग्रसर है। प्रदेश में योगी और देश में मोदी के नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है। अभिनंदन समारोह कार्यक्रम के आयोजक भाजपा नेता अजय शंकर दूबे ने कहा कि विगत 15 वर्षों से जनता की सेवा में लगा हूं, हर समाज के लोगों के सुख-दुख में पहुंच रहा हूं, और मैं ईश्वर को साक्षी मानकर कह रहा हूं कि यदि मुंगरा विधानसभा की सम्मानित जनता ने एक बार हमको मौका दिया तो, 368 विधानसभा की हम तकदीर और तस्वीर दोनों बदल कर दिखा देंगे |
कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पासी समाज के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। “तीसरी बार भाजपा सरकार” के नारों से कार्यक्रम स्थल गूंज उठा।
