भारतीय सहारा | जन-जन की बुलंद आवाज

कांवड़ यात्रा की प्रशासनिक तैयारियां तेज, सुरक्षा और व्यवस्थाओं का निरीक्षण

0 3

ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से होगी 24 घंटे कांवड़ यात्रा की निगरानी – सीओ प्रतिमा वर्मा
———————

भारतीय सहारा संवाददाता

मुंगराबादशाहपुर, जौनपुर । कांवड़ यात्रा को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को एसडीएम अजय उपाध्याय, सीओ प्रतिमा वर्मा और थाना प्रभारी अश्वनी दुबे ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ प्रयागराज बॉर्डर बुढ़िया किनारा, प्रतापगढ़ बॉर्डर इटहरा हाईवे बॉर्डर व गोविंदासपुर हाईवे से होते हुए कस्बे के निर्धारित कांवड़ यात्रा मार्ग प्रयागराज व सुजानगंज रोड का निरीक्षण किया

मार्ग पर साफ-सफाई, पेयजल ब्यवस्था,विद्युत आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग,यातायात प्रबंधन और सुरक्षा का जायजा लिया।सीओ प्रतिमा वर्मा ने कहा कि सुरक्षा व व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रयागराज बुढ़िया किनारा व प्रतापगढ़ इटहरा बॉर्डर स्थित पुलिस चेक पोस्ट का निरीक्षण कर विशेष सतर्कता बरतने,भारी सुरक्षा बल तैनात करने और कांवड़ यात्रा मार्ग तथा इटहरा हाईवे पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए। सीओ ने स्पष्ट किया कि बॉर्डर पर स्वास्थ्य कैंप, फायर ब्रिगेड और ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की तैनाती रहेगी। साथ ही कांवड़ यात्रा के दौरान ड्रोन कैमरे व सीसीटीवी कैमरों से रास्तों पर 24 घंटे लगातार निगरानी रखी जाएगी तथा सोशल मीडिया पर भी विशेष मॉनिटरिंग होगी ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह फैलने से रोकी जा सके।एसडीएम अजय उपाध्याय ने नगर पालिका और अन्य विभागों के अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि कांवड़ मार्ग पर नियमित साफ-सफाई कराई जाए और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था हो। उन्होंने विद्युत खंभों पर प्लास्टिक लगवाने जर्जर तारों व जर्जर सड़कों को दुरुस्त कराने तथा पटरियों पर मिट्टी धंसने या कीचड़ होने की स्थिति में इंटरलॉकिंग बिछवाने या ईंट लगवाने के निर्देश दिए ताकि श्रद्धालु फिसलकर न गिरें। इसके अलावा खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कराने मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने और सड़क किनारे लगने वाले शिविरों को सड़क से कुछ दूर लगवाने के निर्देश दिए गए ताकि मुख्य रास्तों पर जाम न लगे।थाना प्रभारी अश्वनी दुबे ने संक्षिप्त रूप से निर्देश देते हुए बताया कि डीजे केबिन या छत पर बैठकर स्टंट करने या हुड़दंग मचाने पर पूरी पाबंदी रहेगी और तय ऊंचाई व चौड़ाई के नियमों का पालन कराया जाएगा। यात्रा मार्ग के आसपास मीट और शराब की दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी तथा अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Below News
Leave A Reply

Your email address will not be published.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More