गहरे कुएं में गिरे बछड़े को फायर ब्रिगेड ने निकाला, बाउंड्री वॉल की मांग

सुजानगंज, जौनपुर। थाना क्षेत्र के वेलवार ग्राम सभा स्थित गंगा बाबा के बाग में बने एक पुराने कुएं में शुक्रवार को गोवंश का बछड़ा गिर गया। घंटों की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की टीम और ग्रामीणों ने संयुक्त प्रयास से बछड़े को सकुशल बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार दोपहर के समय बाग के पास से गुजर रहे राहगीरों ने कुएं से बछड़े के रंभाने की आवाज सुनी। सूचना पर गोवंश संरक्षण समिति के जिला अध्यक्ष सत्यम तिवारी और ओम दुबे मौके पर पहुंचे। उन्होंने फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
टीम ने मौके पर पहुंचकर कुएं के चारों ओर उगी झाड़ियों की सफाई कराई। इसके बाद रस्सियों और अन्य उपकरणों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। करीब दो घंटे की मेहनत के बाद बछड़े को बाहर निकाल लिया गया। मौके पर मौजूद पशु चिकित्सक ने बछड़े का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उसे स्वस्थ बताते हुए छोड़ दिया।
घटना की सूचना पर बीडीसी उमेश मिश्रा, विनोद कुमार, मंगेश मिश्र, बंसराज, संजय उपाध्याय समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।
ग्रामीणों ने बताया कि कुआं काफी पुराना और खुला है। आए दिन हादसे का अंदेशा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि हादसों को रोकने के लिए कुएं के चारों ओर तुरंत बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जाए।
फायर ब्रिगेड की तत्परता और ग्रामीणों के सहयोग से एक बेजुबान की जान बच गई। स्थानीय लोग बचाव दल के प्रयासों की सराहना कर रहे हैं।
