ईरिक्शा और टेम्पों चालकों की वजह से लगता जाम, मरीजों और रोडवेज आने जाने वाले यात्रियों को होती है परेशानी

इफ्तखार अली संवाददाता महोबा
महोबा। जिले में ईरिक्शा और टेंपो चालकों की अराजकता के चलते आए दिन शहर के मुख्य मार्गों में जाम लग जाने से लोगो को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। लोग सड़कों में जाम खुलने के इंतजार में खड़े रहने से उनका काफी समय भी बर्बाद होता हैं, इतना ही नहीं आएदिन कोचिंग जाने वाले छात्र छात्राओं को भी जाम की समस्या से कारण लेट होना पड़ता है तो वहीं रोडवेज के बाहर सड़क पर डग्गामार वाहन चालक सवारियों को आस पास क्षेत्रों के बैठाकर ले जाने के कारण रोडवेज को राजस्व का नुकसान होता है बावजूद इसके प्रशासनिक अधिकारी और यातायात पुलिस टेंपो और ईरिक्शा चालकों पर लगाम नहीं लगा पा रही हैं।
सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अधिकारियों को अवैघ रुप चल रहे टेंपो स्टैंडों का बंद कराने के निर्देश जारी किए थे, लेकिन इस पर प्रशासनिक अधिकारियों ने आज तक कोई अमल नही किया है। जिसके चलते टेंपो, ईरिक्शा चालक अपनी मनमर्जी से जहां चाहते हैं वहीं पर सड़क किनारे टेंपो और ईरिक्शों को खड़ा करके अपना टेंपो स्टैंड संचालित कर लेते है, जिसका खामियाजा सड़क किनारे बनी दुकानों के दुकानदारों को भुगतना पड़ता है। कारण, ईरिक्शा और टेंपो चालक दुकानों के आगे टेंपों खड़ी कर देते हैं, जिससे ग्राहकों को दुकानों तक पहुंचने परेशानी होने की वजह से वह आगे चले जाते और आएदिन दुकानदारों और टेंपो संचालकों के बीच झगड़ा होता रहता है।
कुछ यही हाल जिला अस्पताल के सामने और रोडवेज के पास का हे जहां पर डग्गामार वाहन व टेंपो चालक वाहनों को खड़ा कर करके सवारियां भरते हैं। इससे यात्री रोडवेज बसों का इंतजार न करके टेंपो में बैठकर चरखारी, कबरई, कुलपहाड़, खन्ना, खरेला, पनवाड़ी, श्रीनगर आदि कस्बों की यात्रा करते हैं, इससे रोडवेज को भारी राजस्व का नुकसान होता है। रोडवेज के चालकों परिचालकों द्वारा विरोध करने पर टेंपो चालक झगड़ा करने पर आमादा हो जाते हैं। पुलिस प्रशासन इस पर अंकुश नहीं लगा पा रहा है।
इंसेट
टेंपो और ईरिक्शा चालक सड़क पर जहां सवारी देखते वहीं पर तत्काल ब्रेक लगा देते हैं, जिससे उनके पीछे चलने वाले वाहन व बाइक चालकों की अक्सर रिक्शे के पीछे से टक्कर हो जाती है। इतना ही नहीं रोडवेज और जिला अस्पताल के पास खासी भीड होने के बाद भी टेंपो चालकों द्वारा बेतरतीब तरीके से आटो टेंपो को खड़ा कर दिए जाने के कारण अक्सर जाम लग जाता है। जिसके चलते जिला अस्पताल जाने वाले वाहन व एम्बुलेंस जाम में फस जाते हैं, जिसका खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ता है। पुलिस प्रशासन द्वारा रोडवेज और जिला अस्पताल के मध्य सिपाही को भी तैनात किया गया, लेकिन बावजूद इसके ईरिक्शा, टेंपो चालक अपनी हरकतों से बाज नहीं आते हैं।
