मछलीशहर से सपा की प्रिया सरोज बनीं सांसद

एस.एस. पाण्डेय
जौनपुर। मछलीशहर लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी की प्रिया सरोज ने भाजपा प्रत्याशी और मौजूदा सांसद बीपी सरोज को हरा दिया है। प्रिया सरोज ने बी.पी सरोज को 35850 वोटों से हराया है। प्रिया सरोज को 451292 वोट मिले, जबकि बीपी सरोज 415442 वोट हासिल कर सके। यहां बसपा के कृपा शंकर सरोज ने भी दमदार उपस्थिति दर्ज की है। कृपाशंकर सरोज को 157291 वोट मिले है।
पिछले लोकसभा चुनाव में यह सीट देश में सबसे कम अंतर से भाजपा ने जीती थी। यहां भाजपा के बीपी सरोज ने सपा-बसपा गठबंधन के प्रत्याशी टी राम को केवल 181 वोटों से हराया था। तब पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी जिले की पिंडरा सीट पर मिली लीड के कारण ही भाजपा को यह जीत नसीब हो सकी थी। 1962 में मछलीशहर पहली बार लोकसभा की सीट बनी। जौनपुर के मछलीशहर, मड़ियाहू, जफराबाद, केराकत और वाराणसी की पिंडरा विधानसभा को मिलाकर इस लोकसभा को गठन किया गया है।
