बारातियों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी, चार बच्चों समेत 13 लोगों की मौत

भारतीय सहारा संवाददाता
राजगढ़, मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश के राजगढ़ में भयानक सड़क हादसा हुआ है। यहां बारातियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 13 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें चार बच्चे भी शामिल हैं। वहीं, 15 लोग घायल भी बताए जा रहे हैं। इस दर्दनाक हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मृतकों के परिवार वालों के प्रति संवेदना जाहिर की है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, हादसा राजगढ़ जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर पीपलोदी के पास हुआ। मोतीपुरा से ट्रैक्टर-ट्रॉली में बारात राजगढ़ के कुमालपुर आ रही थी। इस बीच, ट्रैक्टर-ट्रॉली बेकाबू होकर पलट गई। आसपास मौजूद लोगों के मुताबिक, हादसा इतना भयावह था कि ट्रॉली पूरी तरह से उल्टी हो गई थी। इससे ट्रॉली के नीचे कई लोग दब गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन की टीम पहुंची और बचाव कार्य में जुट गयी। ट्रॉली को उठाने के लिए जेसीबी बुलाई गई। बचाव दल और आसपास मौजूद लोगों की मदद से ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
राष्ट्रपति ने जताया दुख
घटना को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मृतकों के परिवार वालों के प्रति संवेदना जाहिर किया है। राष्ट्रपति भवन के आधिकारिक X हैंडल से लिखा गया, “मध्य प्रदेश के राजगढ़ में सड़क दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु का समाचार बहुत ही दुखदाई है। मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने इस घटना में अपनों को खो दिया है। मैं घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करती हूं।”
वहीं, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी हादसे पर दुख जताया है. उन्होंने कहा, ‘राजगढ़ कलेक्टर हर्ष दीक्षित, पुलिस अधीक्षक और मंत्री नारायण सिंह पंवार मौके पर मौजूद हैं। हम राजस्थान सरकार और पुलिस के संपर्क में हैं। घायलों का इलाज जिला अस्पताल, राजगढ़ में जारी है। साथ ही गंभीर रूप से घायल कुछ मरीजों को भोपाल रेफर किया गया है बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों की पुण्यात्मा को अपने चरणों में स्थान प्रदान करें। शोकाकुल परिजनों के साथ मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।’
