भारतीय सहारा | जन-जन की बुलंद आवाज

एक साथ पांच बच्चों की मौत से पूरा इलाका दहल गया

0 17

प्रज्ञा पाण्डेय की रिपोर्ट

बलिया। हल्दी थाना क्षेत्र के पचरुखिया काली मंदिर के सामने गंगा घाट पर स्नान करते वक्त गहरे पानी में डूबे पांचवें किशोर का भी शव शनिवार की सुबह बरामद कर लिया गया। एक साथ पांच बच्चों की मौत से पूरा इलाका दहल गया है। वहीं, दो गांव में मातमी सन्नाटा है। मृत बच्चों के परिजनों में करूण-क्रंदन व चीत्कार मची है। नाते-रिश्तेदारों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। हर आंखें नम और जुबां पर एक ही बात… यह सब कैसे हो गया ?

गौरतलब हो कि रेवती थाना क्षेत्र के पियरौटा गांव निवासी रवि कुमार राम (14) पुत्र दिलीप राम, सनी कुमार राम (13) पुत्र वीरेंद्र राम, निर्मल कुमार (15) पुत्र शिवचंद चोपड़ा, अभिषेक कुमार (14) पुत्र लक्ष्मण प्रसाद राम तथा रेवती थाना क्षेत्र के ही अचलगढ़ गांव निवासी सिंटू कुमार (13) पुत्र जितेंद्र राम शुक्रवार को घर से ट्यूशन पढ़ने के लिए निकले थे। इसी बीच, पांचों दोस्त हल्दी थाना क्षेत्र के पचरुखिया काली मंदिर के सामने गंगा घाट पर स्नान करने के लिए पहुंच गये। पांचों बच्चों ने अपनी साइकिल, मोबाइल व कपड़ा गंगा किनारे रखकर स्नान करना शुरू किया।

इसी बीच एक साथी गहरे पानी में जाने की वजह से डूबने लगा, जिसे बचाने के चक्कर में पांचों मित्र गंगा की गोद में समा गये। गंगा घाट पर स्थान कर रहे लोगों ने उन्हें डूबता देख शोर मचाना शुरू किया। देखते ही देखते भारी भीड़ जुट गई। इस बीच, पियरौटा गांव से पहुंचे परिजन अपने लाडलों का कपड़ा देख दहाड़े मारने लगे। पुलिस की मौजूदगी में स्थानीय मछुआरों की मदद से शुक्रवार की शाम तक रवि राम, सनी राम, सिंटू कुमार व निर्मल कुमार का शव बरामद कर लिया गया था, जबकि शनिवार की सुबह अभिषेक का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Below News
Leave A Reply

Your email address will not be published.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More