भारतीय सहारा | जन-जन की बुलंद आवाज

धारदार हथियार से बेटी ने किया पिता का कत्ल

0 30

राजेश पाठक की रिपोर्ट

कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज से दिल दहला देने वाली खबर आई है, जहां एक किशोरी ने सनसनी खेज वारदात को अंजाम दे डाला। रात में सोते समय किशोरी ने धारदार हथियार से अपने ही पिता का गला रेत दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। पिता की चीख पर परिजनों की नींद टूटी तो वारदात की जानकारी हुई। मामला छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के करमुल्लापुर गांव का है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी किशोरी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं, मृतक के शव को सौ शैय्या अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सिकंदरपुर चौकी अंतर्गत करमुल्लापुर निवासी अजय पाल राजपूत (50) पुत्र मुंशीलाल विकास खंड हसेरन में ग्राम पंचायत सचिव के पद पर तैनात थे। उनके दो पुत्र सिद्धार्थ (18) व अमन (14) के साथ एक पुत्री निधि (16) है। पुत्री इस समय भारतीय शिक्षा सदन इंटर कॉलेज सिकंदरपुर में 12वीं की छात्रा है। लोगों के मुताबिक सोमवार की देर रात परिजन गहरी नींद में सो रहे थे, तभी ग्राम पंचायत सचिव की नाबालिग बेटी ने उनका धारदार हथियार से गला रेत दिया। उनकी चीख पुकार सुन अन्य परिजनों की नींद खुली तो वारदात देख सभी सन्न रह गए। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजनों की चीख पुकार सुनकर आस-पड़ोस के लोग भी आ गए। इस बीच सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस पहुंच गई। बेड पर खून से लथपथ पड़े ग्राम पंचायत सचिव को पुलिस सौ शैय्या अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस अधिकारी मामले की जांच पड़ताल में जुटे हैं। घटना के संबंध में परिजनों से भी पूछताछ की जा रही हैं। बताया जा रहा है कि किशोरी को हिरासत में में लिया गया है। हालांकि अभी इस बारे में कोई भी अधिकारी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।

Below News
Leave A Reply

Your email address will not be published.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More