भारतीय सहारा | जन-जन की बुलंद आवाज

होली के दिन सड़क दुर्घटना में 6 लोगों की मौत, मृतकों में दो बालक भी शामिल

0 15

राजेश पाठक की रिपोर्ट

बलिया। जिले में सोमवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में 6 लोगों की मौत की सूचना है। होली के दिन हुए हादसों से न सिर्फ घर परिवार, बल्कि मृतकों के गांव-मुहल्ले में भी कोहराम मच गया। मृतकों में दो बच्चे भी शामिल है।

सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के जमुईपट्टी के पास दो बाइकों की टक्कर में एक बालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई।बरहुचा गांव निवासी प्रदीप राम अपनी बहन को पहुंचाने उसके ससुराल गया था। प्रदीप के साथ उसका भतीजा अगत्सय भी था। बहन को उसके घर छोड़कर प्रदीप घर लौट रहा था। वह अभी जमुई चट्टी से सटे भागड पुलिया पर पहुंचा था, तभी सामने से एक बाइक से टक्कर हो गई। दोनों बाइक सवारों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्रदीप और उसके भतीजे 4 वर्षीय भतीजे अगत्सय तथा दूसरी बाइक सवार लक्ष्मण चौरसिया को मृत घोषित कर दिया। लक्ष्मण अपने दोस्त विवेक शर्मा के साथ घाघरा नदी से स्नान कर सिकंदरपुर आ रहा था। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में ले लिया है। वहीं, चाचा भतीजे की मौत ने परिवार सहित पूरे गांव के लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

कार की टक्कर से बालक की मौत

बांसडीह-बलिया मार्ग पर बड़सरी गांव के पास सोमवार की अपरान्ह अनियंत्रित कार ने 12 वर्षीय बालक को चपेट में ले लिया। बालक को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की शिनाख्त बिहार के गया जनपद निवासी वीरेंद्र के पुत्र राहुल के रूप में हुई। उसके पिता साहोडीह गांव में ईट भट्ठे पर काम करते है। वह राजपुर गांव से ठंडा पेय खरीद कर भट्ठा पर स्थित अपने घर पैदल ही जा रहा था, तभी पीछे से कार ने धक्का मार दिया।

पेड़ से टकराई बाइक, दो युवकों की मौत

सुखपुरा थाना क्षेत्र के बसंतपुर मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार सुखपुरा थाना क्षेत्र के ब्राह्मइन गांव निवासी राहुल बासफोर (18) पुत्र गोरख तथा सुशील गुप्ता (19) पुत्र मनोज गुप्ता (निवासी भरतपुरा थाना सुखपुरा) की मौत हो गई। दोनों युवक एक ही बाइक से अपने गांव की ओर जा रहे थे, तभी बसंतपुर मोड़ के पास उनकी बाइक असंतुलित होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। आस-पास के लोगों की सूचना पर पहुंची सुखपुरा पुलिस ने परिजनों को सूचना देने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

Below News
Leave A Reply

Your email address will not be published.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More