यूपी के नए कार्यवाहक डीजीपी आरके विश्वकर्मा को बनाए जाने पर जनपद जौनपुर में खुशी की लहर


अजीत कुमार सेठ की रिपोर्ट
जौनपुर।यूपी के कार्यवाहक डीजीपी 1988 बैच के आईपीएस अधिकारी राजकुमार विश्वकर्मा जौनपुर जिले के मड़ियाहूं स्थित मोहल्ला खैरूद्दीनगंज के रहने वाले हैं। साधारण परिवार में जन्मे आरके विश्वकर्मा की इस उपलब्धि की सूचना मिलते ही उनके गृह जनपद जौनपुर में खुशी की लहर है।
उत्तर प्रदेश के डीजीपी डीएस चौहान के सेवानिवृत्त होने के बाद कार्यवाहक डीजीपी की जिम्मेदारी आईपीएस राजकुमार विश्वकर्मा को दी गई है। 1988 बैच के आईपीएस अधिकारी राजकुमार विश्वकर्मा जौनपुर जिले के मड़ियाहूं के रहने वाले हैं। वे सपा सरकार में आईजी कानून व्यवस्था के पद की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। वर्तमान में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष हैं।
साधारण परिवार में जन्मे आरके विश्वकर्मा की इस उपलब्धि की सूचना मिलते ही शुक्रवार को उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। तीन भाइयों में मझले राजकुमार बेहद शांत और मिलनसार स्वभाव के हैं। वे मड़ियाहूं स्थित मोहल्ला खैरूद्दीनगंज के रहने वाले हैं। पिता बाबूराम विश्वकर्मा और मां चंद्रावती विश्वकर्मा का निधन हो चुका है।
ऐसा है आरके विश्वकर्मा का परिवार
तीन भाइयों में सबसे बड़े अनिल विश्वकर्मा मड़ियाहूं में रहकर कृषि यंत्र मोटर वर्कशॉप चलाते हैं। अनिल की पत्नी निर्मला गृहिणी हैं। दूसरे नंबर के राजकुमार विश्वकर्मा आईपीएस हैं। इनकी पहली तैनाती प्रयागराज जिले में हुई थी।
उसके बाद विभिन्न पदों पर रहते हुए अब कार्यवाहक डीजीपी बने हैं। इनके पुत्र इंसान विश्वकर्मा सिविल सेवा की तैयारी कर रहे हैं तो पुत्री अंकिता की शादी हो चुकी है। अंकिता के पति आईएएस मनीष कुमार वर्मा जौनपुर के जिलाधिकारी रह चुके हैं। वर्तमान में उनकी तैनाती गौतमबुद्धनगर में है। कार्यवाहक डीजीपी के तीसरे भाई प्रदीप कुमार गुजरात के मेहसाणा में अपनी कंपनी चलाते हैं। इनकी बहन भी शिक्षक हैं।
मड़ियाहूं से ही हुई है 12वीं तक की पढ़ाई
कार्यवाहक डीजीपी राजकुमार विश्वकर्मा की प्रारंभिक शिक्षा मड़ियाहूं से हुई है। भाई अनिल बताते हैं कि प्रारंभिक शिक्षा प्राइमरी पाठशाला रानीपुर से हुई। इंटर तक की शिक्षा बीएनबी इंटर कॉलेज मड़ियाहूं से और उसके बाद रुड़की से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। उसके बाद आईपीएस बने।

