अयोध्या में भूमि पूजन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज अयोध्या में

अरविन्द सिंह की रिपोर्ट
अयोध्या। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगामी पांच अगस्त को श्रीराम मंदिर के भूमि पूजन समारोह की तैयारियों का जायजा लेने के लिए आज अयोध्या का दौरा करेंगे।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अयोध्या आगमन से पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आज अयोध्या दौरा अहम माना जा रहा है जिसमें आज वे तैयारियों का जायजा लेंगे और स्थलीय निरीक्षण करेंगे ताकि प्रधानमंत्री जी के कार्यक्रम में कोई कमी ना रहे।मालूम हो कि रविवार को ही सीएम योगी का अयोध्या आने का कार्यक्रम था, लेकिन प्राविधिक शिक्षा मंत्री कमलरानी वरुण के निधन की सूचना के बाद उन्होंने अपना दौरा स्थगित कर दिया था।श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन करने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच अगस्त को अयोध्या पहुंच रहे हैं। उनके साथ सरसंघचालक मोहन भागवत सहित देश के कई दिग्गज इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के ऐतिहासिक और भव्य आयोजन की तैयारियों में कई दिन से प्रदेश सरकार जुटी हुई है। जिस के क्रम में अधिकारियों का लगातार दौरा चल रहा है, वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यहां समीक्षा बैठकें करने के साथ ही पिछले दिनों अयोध्या आकर व्यवस्थाओं के संबंध में दिशा-निर्देश दे चुके हैं।
सूत्रों के अनुसार सीएम योगी सुबह टीम-11 के साथ कोरोना महामारी की स्थिति को लेकर समीक्षा बैठक करेंगे। उसके बाद करीब एक बजे अयोध्या के लिए रवाना होंगे। वहां वह भूमि पूजन की तैयारियों के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लेंगे और श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास से मुलाकात भी करेंगे।इससे पहले शुक्रवार को मुख्य सचिव आरके तिवारी, अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी और पुलिस महानिदेशक हितेश चंद्र अवस्थी सहित वरिष्ठ अधिकारी वहां जाकर व्यवस्थाओं का जायजा ले चुके हैं। सीएम योगी का अयोध्या में दोपहर एक बजे से शाम पांच बजे तक रहने का कार्यक्रम है।
