प्रशासनिक आदेश के इंतजार में नहीं खुली बीकापुर की दुकानें

शिवकुमार तिवारी की रिपोर्ट
अयोध्या,बीकापुर। लॉक डाउन 3 मे शासन द्वारा ग्रीन जोन तथा ऑरेंज जोन में दी गई कुछ छूट के मद्देनजर बाजार के कुछ बड़े-छोटे दुकानदारों की निगाहें इस बात पर टिकी रही कि प्रशासन द्वारा दुकानों को खोलने से संबंधित कोई दिशा निर्देश आएगा। लेकिन शाम तक इंतजार करने के बाद आखिरकार दुकानदारों को निराश ही वापस लौटना पड़ा। सोमवार दोपहर तहसील क्षेत्र के व्यापारियों के साथ बीकापुर के नवागंतुक उप जिलाधिकारी दिग्विजय सिंह द्वारा बैठक की गई। बैठक में लॉक डाउन के चलते दुकानों के ना खुलने से व्यापारियों और दुकानदारों को हो रही आर्थिक दिक्कतों तथा अन्य समस्याओं पर चर्चा की गई बीकापुर तहसील क्षेत्र के करीब 2 दर्जन व्यापारियों ने बैठक में भाग लिया। उप जिलाधिकारी द्वारा व्यापारियों को आश्वस्त किया गया कि जिलाधिकारी द्वारा जैसे ही कोई दिशा निर्देश और गाइड लाइन मिलती है उसी के अनुसार दुकानों को खोलने का निर्देश दिया जाएगा।
