नहीं थम रहा लॉक डाउन में भी लोगों के पलायन करने का सिलसिला

शिवकुमार तिवारी की रिपोर्ट
अयोध्या,बीकापुर। लॉक डाउन का कड़ाई से पालन करने के लिए जहां एक तरफ शासन द्वारा बार-बार यह अपील की जा रही है कि लोग घरों से बाहर ना निकले, जो जहां पर है वहीं पर रहे, सभी लोगों को राशन पानी की सारी व्यवस्था प्रशासन द्वारा मुहैया कराई जाएगी, कोई भूखा नहीं सोने पाएगा। और प्रशासन को भी बार-बार निर्देशित किया जा रहा है की लाॅकडाउन का कड़ाई से पालन करवाया जाए, और कोई भूखा ना सोने पाए, वहीं बुधवार रात मध्य प्रदेश के कटनी और बरेली से लगभग डेढ़ दर्जन लोगों का जत्था पैदल चलकर अयोध्या जिले के बीकापुर पहुंचना इस बात को दर्शाता है की लॉक डाउन का पालन कितनी सख्ती से किया और करवाया जा रहा है। लाॅक डाउन के चलते लोगों का काम धंधा खत्म हो जाने के कारण लोगों के सामने खाने और रहने की समस्याएं आ रही है, जिसके चलते लोगों को मजबूरी में अपने घर की तरफ पलायन करना ही उचित दिख रहा है। बुधवार रात बीकापुर पहुंचे लोगों द्वारा यह बात कही गई। बीकापुर कस्बे में तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा लोगों को रोककर पूछे जाने पर पता चला कि लोग लगभग 1 हफ्ते की पैदल यात्रा करके यहां पहुंचे हैं। रास्ते में कहीं भोजन या विश्राम की व्यवस्था ना मिलने से सभी लोग काफी परेशान है, लोगों को भूख प्यास से व्याकुल देख बीकापुर में तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा मानवीय संवेदना दिखाते हुए सभी लोगों को बीकापुर कस्बे के भारती इंटर कॉलेज में संचालित कम्युनिटी रसोई मे ले जाकर लोगों को खाना खिलाया गया, तथा बीकापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाकर लोगों को क्वॉरेंटाइन कराने के लिए मोहर लगवा कर भारती इंटर कॉलेज स्थित आश्रय स्थल पर रात्रि विश्राम की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। आश्रय स्थल पर मौजूद राजस्व निरीक्षक रामप्रताप पांडे द्वारा बताया गया की सभी लोगों को आश्रय स्थल पर रखा गया है आगे की कार्यवाही तहसीलदार के निर्देशानुसार की जाएगी।
