प्रशासन ने बरती लापरवाही तो मुंगराबादशाहपुर में पांव पसार सकता है संक्रमण , मुंगरा में धड़ल्ले से बिक रहे संक्रमित कटे मांस
मुंगराबादशाहपुर से क्राइम रिपोर्टर बृजेश पाण्डेय की रिपोर्ट
मुंगराबादशाहपुर (जौनपुर) । कोरोना वायरस के संक्रमण से आम जनता को बचाने के लिए केन्द्र एवं प्रदेश की सरकारो के आदेश पर जिला प्रशासन भले ही हर तरह की सावधानियां बरतने हेतु आदेश निर्देश जारी कर रहा है । लेकिन मुंगराबादशाहपुर नगर में खुलेआम अवैध ढंग से बेंचे जा रहे संक्रमित मुर्गो एवं बकरो एवं सूअर के मांस की बिक्री पर प्रतिबंध नहीं लगाया जा सका है । जिसपर समय रहते अगर प्रशासन द्वारा रोक नहीं लगाया गया तो क्षेत्र में संक्रमण बढ़ने से इंकार नहीं किया जा सकता । आलम यह है कि मुंगराबादशाहपुर नगर में लगभग एक दर्जन से अधिक अवैध बुचड़ खानों पर संक्रमित बकरों मुर्गों को हलाल कर मीट की बिक्री की जा रही है । तो पकड़ी गोदाम मुहल्ले के सरोज बस्ती में सूअर को भूनकर मांस बेचा जा रहा है । जिससे निकलने वाली दुर्गंध से मुहल्ले वालों का सांस लेना मुश्किल हो जाता है । जबकि इस पर नियंत्रण करने वाली नगर पालिका प्रशासन पूरी तरह मूकदर्शक बनी हुई है । तो दूसरी ओर अन्य इलाकाई सरकारी तंत्र के लोग रहस्यमय चुप्पी साधे हुए हैं । सूत्रो की मानें तो ऐसी दुकानों पर सायं काल के समय खरीददारी करने वालों की अच्छी खासी भीड़ लग जाती है। जबकि जिलाधिकारी दिनेश कुमार सिंह का आदेश है कि भीड़ इकट्ठा नहीं किया जाये । महत्वपूर्ण बात यह है कि बकरों मुर्गो एवं सूअर के बध करने के पूर्व पशु चिकित्सा अधिकारी से स्वस्थ प्रमाणपत्र लेना आवश्यक होता है । बिमार अथवा किसी अन्य रोग से संक्रमित पशुओं बकरों मुर्गो एवं जानवरों के मांस की बिक्री करना कानूनन अपराध होता है । जिसका अनुपालन नहीं किया जा रहा है । दूसरी ओर जहां – जहां पर मांस को काटा जाता है उसके आसपास का इलाका स्वच्छ नहीं रह सकता है । कारण की कटे मांस के टुकड़े आसपास बिखरे रहते है। जिस पर जिला प्रशासन समय रहते यदि इस ओर ध्यान नहीं दिया तो कोरोनावायरस के साथ अन्य संक्रमण फैलने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है । इस सम्बन्ध में पूछे जाने पर अधिशासी अधिकारी मीनाक्षी चतुर्वेदी ने बताया कि मुंगराबादशाहपुर नगर पालिका द्वारा पशुओं पक्षियों के बध का कोई लाइसेंस जारी नहीं किया गया है । शीघ्र ही पुलिस बल के साथ जांच अभियान चलाकर अवैध ढंग से बिकने वाले बकरों मुर्गो एवं सूअर के मांस की दुकानों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी ।
