अलीगढ़ जनपद की सुर्खियां
बाइक सवार दो भाइयों को ट्रेक्टर ने मारी टक्कर, एक की मौत
गभाना थाना इलाके में सोमवार को बाइक सवार दो भाइयों को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में वासुदेव (47साल) व चचेरा भाई प्रेमचंद घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। वासुदेव की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराके शव परिजनों को सौंप दिया है
अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों को रौंदा, एक की मौत
मडराक थाना इलाके के मथुरा रोड पर सोमवार रात्रि बाइक सवार दो दोस्तों को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हादसे में घायल जैकी सारस्वत (25साल) निवासी मडोला (लोधा) व उसके दोस्त को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां जैकी की मौत

हो गई। सूचना पर परिजन पहुंच गए। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। जैकी की शादी तय हो चुकी थी। 22 जून को एटा के अलीगंज बारात जानी तय थी।
स्कूलों में नामांकन बढ़ाना होगी पहली प्राथमिकता: बीएसए
नवनियुक्त जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लक्ष्मीकांत पाण्डेय ने चार्ज संभाला, इस दौरान स्टाफ ने उनका जोरदार स्वागत किया। चार्ज संभालने के बाद उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा। सबसे पहली प्राथमिकता स्कूलों में नामांकन बढ़ाएं जाने की होगी।
केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार के विरोध में कांग्रेस का धरना शुरू
देश में लगातार बढ़ रही महंगाई, पेट्रोल के बढ़ते दामों और बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस का धरना कलक्ट्रेट मुख्यालय पर मंगलवार को शुरू हुआ। कांग्रेस के पदाधिकारियों ने भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर तंज कसे। उन्होंने दोनों सरकारों को हर मोर्चे पर विफल करार दिया।
खाद लगाते किसान की हुई मौत
गोंडा थाना इलाके के गांव नगला जुझार में खेत पर खाद लगाने के दौरान किसान बनी सिंह की अचानक तबियत बिगड़ गई। बेटी मनीषा ने गांव पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचते, इससे पूर्व बनी सिंह की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम कराके शव परिजनों को सौंप दिया। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
473 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए रोजगार मेला कल
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर में 16 मई बुधवार को सुबह 10 बजे से रोजगार मेला लगेगा। इसमें विभिन्न कम्पनियों में 473 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार होगा। यह जानकारी सेवायोजन के सहायक निदेशक आरके उपाध्याय ने दी। उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए आठवीं, नौंवीं, हाईस्कूल, इंटर और स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी शिरकत कर सकते हैं। साक्षात्कार में सफल अभ्यर्थियों को मौके पर ऑफर लेटर वितरित किए जाएंगे।
व्यवसायिक उपयोग की बर्फ होगी रंगीन जल्द ही
उपयोग में आने वाली बर्फ का रंग सफेद से बदलकर रंगीन हो जाएगा। महाराष्ट्र सरकार के इस प्रस्ताव को केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। उम्मीद जताई जा रही है कि जून माह से देश के सभी राज्यों में यह कानून लागू हो जाएगा। इससे पेय पदार्थ, चुस्की आदि बर्फ से बनने वाले खाद्य पदार्थों में विक्रेता अब दूषित बर्फ का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। अभी तक खाने योग्य और व्यवसायिक उपयोग की बर्फ का रंग एक समान सफेद था, जिसका फायदा कुछ खाद्य पदार्थ बेचने वाले लोग उठाते और दूषित बर्फ लोगों को बेचते, लेकिन जून से ऐसा करना अब संभव नहीं हो सकेगा। देश में अभी तक यह व्यवस्था महाराष्ट्र में लागू हैं, जहां व्यवसायिक उपयोग की बर्फ रंगीन है, जबकि खाने योग्य बर्फ सफेद रंग की है। महाराष्ट्र सरकार ने यह व्यवस्था मार्च माह से राज्य के एफडीए विभाग की सिफारिश पर लागू की है।
डीएस कॉलेज के चित्रकला विभाग में 16 मई से होगा कार्यशाला का आयोजन
ललित कला अकादमी द्वारा डीएस महाविद्यालय के चित्रकला विभाग में कार्यशाला का आयोजन 16 मई से किया जा रहा है। चित्रकला विभाग की प्रभारी डॉ. सुनीता गुप्ता ने बताया कि कार्यशाला में 10 वर्ष से 17 वर्ष और 18 वर्ष से 25 वर्ष तक 2 वर्ग हैं। प्रशिक्षण शुल्क 450 रुपए रखा गया है। एक माह के प्रशिक्षण के उपरांत प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी दिए जाएंगे। कार्यशाला में शामिल होने के लिए आवेदन फार्म चित्रकला विभाग से प्राप्त किए जा सकते हैं।
एसएमबी इंटर कॉलेज में 16 मई से शुरू होगा समर कैम्प
रामघाट रोड स्थित एसएमबी इंटर कॉलेज में स्केटिंग समर कैम्प का आयोजन 16 मई से किया जा रहा है। समर कैम्प में प्ले ग्रुप से लेकर सीनियर ग्रुप तक के खिलाड़ियों को रोलर एवं इनलाइन स्केटिंग, जिक जैक, स्टंट, रौल बॉल आदि का प्रशिक्षण दिया जाएगा। समर कैम्प के लिए एसएमबी इंटर कॉलेज में रजिस्ट्रेशन शाम 4 बजे से 5:30 बजे तक होगा। यह जानकारी अलीगढ़ स्केटिंग क्लासेज अलीगढ़ के सचिव प्रदीप रावत ने दी।
किसान बैठक कल कलक्ट्रेट में
किसान बैठक बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में बुधवार को सुबह 10 बजे से होगी। यह जानकारी जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि बैठक की अध्यक्षता डीएम चंद्र भूषण सिंह करेंगे। उन्होंने बताया कि बैठक में कृषि और किसानों से सम्बंधित शिकायतों का निस्तारण किया जाएगा। बैठक में सभी सम्बंधित विभागों के जिला स्तरीय अफसर मौजूद रहेंगे, जिससे शिकायत निस्तारण भी जल्द हो सके।
नव नियुक्त जिलाध्यक्ष को दी बधाई
भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष ठा . गोपाल सिंह को भाजपा नेता मनोज यादव व ठा. सुबोध सिंह ने उनके आवास पर बुके देकर बधाई दी। ठा. गोपाल सिंह ने भाजपा नेताओं से कहा कि कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम करेंगे। ठा. सुबोध सिंह ने कहा कि अलीगढ़ में भाजपा अब ठा. गोपाल सिंह के नेतृत्व में और मजबूत होगा ।
