चलती सैंट्रो कार बनी आग का गोला, जिन्दा जले चार लोग; मृतकों की पहचान तक मुश्किल

भारतीय सहारा संवाददाता
मेरठ। चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग पर भोला झाल के समीप रविवार की रात बड़ा हादसा हो गया। दिल्ली से हरिद्वार जा रही सेंट्रो कार में आग लग गई। हादसे में कार सवार चारों लोग जिंदा जल गए। फायर ब्रिगेड के जवानों ने जब तक आग पर काबू पाया, चारों की मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
जानी थाना क्षेत्र में कांवड़ पटरी मार्ग पर रात करीब साढ़े आठ बजे सैंट्रो कार में आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग का गोला बनी कार को चालक ने रोका, लेकिन कार में सवार लोग बाहर नहीं निकल पाए और सभी की जलकर मौत हो गई। आगे की सीट पर बैठा युवक भी पीछे की सीट पर चला गया था। आगे की सीट पर सिर्फ चालक था। पिछली सीट पर तीन लोग बैठे थे, जिनमें एक महिला थी। चारों के शव कंकाल बन चुके थे। मृतकों की पहचान नहीं हो सकी।
कार का नंबर डीएल4 सीएपी 4792 है, जो दिल्ली के प्रह्लादपुर निवासी सोहनलाल के नाम पर रजिस्टर्ड है। यहां के अधिकारी दिल्ली पुलिस के अफसरों से संपर्क कर मृतकों की पहचान करने में जुटे हैं। सीएफओ संतोष राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया सामने आया है कि कार की वायरिंग शार्ट होने से आग लगी है।
सीएनजी किट होने के कारण चंद मिनट में कार आग का गोला बन गई और अंदर फंसे लोग बाहर नहीं निकल पाए। कहा जा रहा है कि, जिस समय कार में आग लगी थी उसी समय एक बाइक सवार वहां से गुजरा। उसने बाइक रोकी और कार का शीशा तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह भी कार सवारों को नहीं बचा पाया। कार से बाइक 50 गज की दूरी पर मिली है।
बाइक से टक्कर के बाद आग लगने का अनुमान
पुलिस मान रही है कि युवक भी आग में झुलसा होगा। हालांकि इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है। यह भी अनुमान लगाया जा रहा है कि कार और बाइक की टक्कर होने के बाद कार में आग लगी हो। बाइक के नंबर यूपी14ईएच 5035 के आधार पर वह गाजियाबाद के निस्तौली निवासी विपुल के नाम पर रजिस्टर्ड है। पुलिस का कहना है कि उसने यह बाइक किसी खानपुर के अंकुर को दे रखी थी। पुलिस खानपुर के अंकुर की जानकारी जुटा रही है।
