बोलेरो बाइक की टक्कर में एक की मौत दो गंभीर रूप से हुए घायल

बिना परिजनों के पहुंचे ही शव को पुलिस ने भेज दिया पोस्टमार्टम हाउस काटा हंगामा
————————————-
गोविन्द मिश्रा की रिपोर्ट
कोरांव, प्रयागराज। कोरांव थाना क्षेत्र के तराव गांव में स्थित बचपन पब्लिक स्कूल के पास बोलेरो व बाइक की भिड़ंत हो जाने से बाइक सवार तीन लोगों में एक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि जिस बोलेरो वाहन ने टक्कर मारा उसी वाहन से मृतक व घायलों को सीएचसी कोरांव ले आया गया। जहां मृतक के शव को पुलिस ने परिजनों के बिना पहुंचे ही पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन जब पहुंचे तो सीएचसी पर जमकर हंगामा काटा। इसके बाद पता चला कि आस्था पाली क्लीनिक में भी शव को रखा गया था। जहां पर भी परिजन पहुंचकर घंटो हंगामा काटा। जानकारी के मुताबिक विष्णु प्रसाद पुत्र बाबूलाल (55) हनुमत प्रसाद पुत्र विष्णु प्रसाद (20) व बबलू उपाध्याय पुत्र श्रीपति उपाध्याय (40) निवासीगण धाव थाना कोरांव एक ही बाइक से कहीं गए थे। वापस लौट रहे थे कि अभी तराव गांव में मेजा वाली रोड पर स्थित बचपन पब्लिक स्कूल के पास बोलेरो वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बबलू उपाध्याय की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सीएचसी ले आने के बाद चिकित्सकों ने जहां बबलू को मृत घोषित कर दिया, वहीं विष्णु प्रसाद व हनुमात प्रसाद की हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन शव को बिना दिखाए ही पोस्टमार्टम के लिए भेज देने को लेकर कई घंटे तक हंगामा काटते रहे और पुलिस तमाशबीन बनी रही।
