उपजिलाधिकारी/खंड विकास अधिकारी को डीएम ने दी चेतावनी 15 जुलाई तक सत्यापन कार्य को पूर्ण कराये
जौनपुर (सू0वि) । जिलाधिकारी दिनेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट कक्ष में गत सायं विभिन्न विभागों के प्रगति की समीक्षा बैठक की गई। वृद्धावस्था पेंशन में पिछले सप्ताह में सत्यापन की कोई प्रगति नहीं हुई थी जिसपर सभी उप जिलाधिकारी/खंड विकास अधिकारी को चेतावनी देते हुए कहा कि 15 जुलाई 2020 तक सत्यापन कार्य को पूर्ण कराये। अनुसूचित जाति, सामान्य, पिछड़ा वर्ग शादी अनुदान में बजट प्राप्त न होने के कारण प्रगति शून्य है। पूर्वदशम छात्रवृत्ति एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति में शासन द्वारा निर्धारित रोस्टर के अनुसार कार्य नहीं किया गया है, उन्होंने निर्देशित किया कि रोस्टर के अनुसार कार्य पूर्ण किया जाए। राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के अंतर्गत 146 आवेदन 12 जुलाई 2020 को स्वीकृत कर दिए गए थे। 298 आवेदन अभी भी जिला समाज कल्याण अधिकारी के पास लम्बित है जिन्हें निर्देशित किया कि अगले सप्ताह बैठक के पूर्व इनका भी निस्तारण सुनिश्चित करा ले। अनुसूचित अत्याचार उत्पीड़न के अंतर्गत आर्थिक सहायता प्रथम किस्त के 88 मामले व द्वितीय किस्त के 88 मामले अभी भी लंबित है। अगली बैठक के पूर्व इसका निस्तारण भी कराने का निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिये गये। निराश्रित महिला पेंशन के अंतर्गत इस वित्तीय वर्ष में अब तक 940 पात्र लाभार्थियों के आवेदन स्वीकृत किए जा चुके हैं जिसमें 220 की स्वीकृति 10 जुलाई 2020 को कराई गई है। 40 आवेदन जिला स्तर पर 897 खंड विकास अधिकारियों के पास और 112 आवेदन उप जिलाधिकारियों के स्तर पर लंबित है, अगली बैठक के पूर्व सभी आवेदन पत्रों का निस्तारण कराने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री सुमंगला कन्या योजना के अंतर्गत 7321 लोगों के आवेदन स्वीकृत किए गए और उनके खातों में पैसा चला गया इस वित्तीय वर्ष में अब तक 2100 आवेदन पंजीकृत हो चुके इसका इसका शीघ्र निस्तारण जांचोपरांत किया जाएगा।
