लॉकडाउन के बीच अयोध्या में शराब की होम डिलेवरी का झांसा देकर ठगी करने वालों का गिरोह सक्रिय

अयोध्या। जनपद में इन दिनों फोन पर शराब उपलब्ध कराने के लिए संपर्क किया जा रहा है। बदले में भुगतान पेटीएम के माध्यम से मांगा जा रहा है। यदि कोर्इ ऐसी कॉल आती है, तो उस पर विश्वास करके भुगतान मत करें। पिछले कुछ दिनों से लगातार मिल रही शिकायत के बाद जिलाधिकारी अनुज झा ने जिला आबकारी अधिकारी वरुण कुमार लाल के माध्यम से इस मामले की जांच कराई तो इसका पर्दाफाश हुआ। जिला आबकारी अधिकारी की ओर से कैंट थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि श्रीकांत नाम का व्यक्ति शराब की होम डिलीवरी के नाम पर लोगों को ठगने का काम कर रहा है। डीएम की ओर से निर्देश मिलने के बाद ठगी का पर्दाफाश करने के लिए संबंधित नंबर पर फोन किया गया। फोन करने वाले ने अपना नाम श्रीकांत बताया और कहा कि वह मुमताजनगर शराब ठेके से शराब की होम डिलीवरी करता है, जो ब्रांड चाहिए सब मिल जाएगा, लेकिन पेटीएम के माध्यम से आधा पैसा एडवांस में भुगतान करना पड़ेगा। आबकारी अधिकारी ने ग्राहक बन कर बात की और उसका आधार कार्ड प्राप्त किया। डीइओ का कहना है कि आधार कार्ड भी फर्जी मालूम होता है। फिलहाल ठगी करने वाले की ओर से बताए गए नाम पते के अनुसार मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि लॉकडाउन के कारण जिले में शराब की बिक्री बंद है। होम डिलीवरी के नाम पर ठगी करने वालों से लोग सचेत रहें और इस तरह के लोगों के झांसे में ना आएं।
