श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की होने वाली बैठक स्थगित

अरविंद सिंह की रिपोर्ट
अयोध्या। देश इस समय विश्व में व्याप्त महामारी कोरोना के संकट से जूझ रहा है इससे बचाव के लिए प्रधानमंत्री महोदय ने पूरे देश को लाक डाउन किया है जिसके चलते अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि पर प्रस्तावित भव्य राम मंदिर निर्माण की तैयारी को भी झटका लगा है। आगामी 4 अप्रैल को होने वाली श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक को स्थगित करने की तैयारी है इसकी अधिकृत घोषणा जल्द ही की जाएगी। इसी बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी से गर्भ गृह में भूमि पूजन की तिथि तय होनी थी। इसी के साथ सेवानिवृत्त वरिष्ठ आईएएस श्री नृपेंद्र मिश्र की अगुवाई में मंदिर निर्माण कार्य शुरू होना था। तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की दूसरी बैठक में राम मंदिर निर्माण के संबंध में और भी कई महत्वपूर्ण निर्णय होने वाले थे। इसी वर्ष बीती 5 फरवरी को राम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण के लिए गठित ट्रस्ट की पहली बैठक 19 फरवरी को दिल्ली में हुई थी इसी बैठक में ट्रस्ट का विस्तार किया गया था जिसमें अध्यक्ष के रूप में महंत नृत्य गोपाल दास और महामंत्री के पद पर विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय की नियुक्ति हुई थी।पहली बैठक ट्रस्ट के विस्तार तक ही सिमट कर रह गई थी। ट्रस्ट के सूत्रों के मुताबिक अब श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक 4 अप्रैल को होना असंभव है क्योंकि कोरोना के चलते पूरे देश में लाक डाउन है। ट्रेन, घरेलू उड़ान समेत सभी तरह के परिवहन पर रोक है ऐसी स्थिति में 14 अप्रैल को लाक डाउन खत्म होने के बाद ही हालात देखकर मंदिर निर्माण की तिथि तय करने के लिए बैठक बुलाई जाएगी।
