भारतीय सहारा | जन-जन की बुलंद आवाज

जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद, ढाबे में तोड़फोड़ और मारपीट का आरोप,एसपी के निर्देश पर सिकरारा पुलिस ने पांच के खिलाफ दर्ज की प्राथमिकी

0 22

वीरेन्द्र कुमार ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट

बरईपार (जौनपुर)। जमीन पर कब्जे के विवाद को लेकर कान्हा ढाबे में घुसकर तोड़फोड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में सिकरारा पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़िता गायत्री सिंह पत्नी स्व. कैलाश नारायण सिंह निवासी कुरनी की शिकायत पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है ।
तहरीर के अनुसार विजय प्रताप सिंह पुत्र शीतला बक्श सिंह, अभिषेक सिंह, विवेक कुमार सिंह पुत्र विजय प्रताप सिंह, निखिल सिंह पुत्र विवेक कुमार सिंह और सिम्पल सिंह पुत्री विजय प्रताप सिंह शामिल हैं।
पीड़िता ने पुलिस को दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि जौनपुर-प्रयागराज हाईवे पर स्थित उनकी जमीन पर कान्हा ढाबा संचालित है। जमीन को लेकर विजय प्रताप सिंह की ओर से वर्ष 2024 में सिविल कोर्ट जौनपुर में मुकदमा संख्या 1191/2024 दाखिल किया गया था। आरोप है कि जमीन को अपनी आबादी बताकर मुकदमा किया गया था। प्रार्थनापत्र के अनुसार न्यायालय ने 23 जुलाई 2026 को उक्त मुकदमा निरस्त कर दिया।
पीड़िता का आरोप है कि मुकदमा निरस्त होने के बाद विपक्षी उससे रंजिश रखने लगे। 15 सितंबर की सुबह करीब आठ बजे वह अपने ढाबे पर नौकर के साथ मौजूद थी। तभी सभी आरोपित एक राय होकर लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और जमीन पर जबरन कब्जा करने की नीयत से गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद आरोपित ढाबे में घुस गए और बोर्ड व अन्य सामान तोड़ने लगे।
पीड़िता के अनुसार, सामान तोड़ने से मना करने पर उसके साथ थप्पड़ और लात-घूंसों से मारपीट की गई। आरोप है कि आरोपितों ने धमकी दी कि वहां से नहीं गई तो जान से मार देंगे। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस को सूचना दी और मारपीट व तोड़फोड़ का वीडियो भी उपलब्ध कराया।
एसपी के निर्देश पर तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस वीडियो समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। थानाध्यक्ष तेज बहादुर सिंह ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है।

Below News
Leave A Reply

Your email address will not be published.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More