औषधीय काढ़े से स्वास्थ्य सेवा का अनूठा प्रयास, पंडित प्रदीप भट्ट की सेवा की हो रही सराहना

नन्दकिशोर सोनी की रिपोर्ट
झाबुआ। नगर के श्री मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज के श्री सत्यनारायण मंदिर में इन दिनों सेवा और स्वास्थ्य जागरूकता की अनूठी मिसाल देखने को मिल रही है। मंदिर के पुजारी पंडित प्रदीप भट्ट द्वारा प्रतिदिन प्रातःकाल में विभिन्न औषधीय पौधों की पत्तियों से तैयार किया गया काढ़ा आम नागरिकों को निःशुल्क वितरित किया जा रहा है। विशेष रूप से संकीर्तन प्रभात फेरी में शामिल होने वाले सदस्यों को प्रतिदिन इस काढ़े का वितरण किया जाता है। प्रभात फेरी के पश्चात मंदिर परिसर में पहुंचने वाले सदस्यों सहित अन्य नागरिक भी काढ़े का लाभ ले रहे हैं। पंडित प्रदीप भट्ट लंबे समय से विभिन्न औषधीय पौधों की पत्तियों का संग्रहण कर स्वयं बड़ी मेहनत और लगन से काढ़ा तैयार करते हैं। इसके लिए वे अलसुबह नियमित रूप से औषधीय पत्तियों को एकत्रित करने से लेकर काढ़ा तैयार करने और उसका वितरण करने तक की पूरी प्रक्रिया निस्वार्थ भाव से करते हैं। स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और समाजसेवा की भावना से किए जा रहे इस कार्य को लेकर नागरिकों एवं प्रभात फेरी के सदस्यों में भी उत्साह है। सभी ने पंडित प्रदीप भट्ट के इस सेवाभावी प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि बिना किसी स्वार्थ के नियमित रूप से लोगों के स्वास्थ्य के लिए समय देना समाज के लिए प्रेरणादायी उदाहरण है।
पंडित भट्ट का यह प्रयास धार्मिक सेवा के साथ-साथ सामाजिक सरोकार को भी मजबूत कर रहा है। उनके इस सेवाकार्य की सभी प्रशंसा कर रहे है।
