40 लाख की हेरोइन के साथ बिहार के 2 अंतरप्रांतीय तस्कर गिरफ्तार

भारतीय सहारा संवाददाता
सुजानगंज (जौनपुर)।जौनपुर पुलिस अधीक्षक द्वारा अपराध की रोकथाम और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सुजानगंज पुलिस टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने सई नदी पुल के पास से अंतरप्रांतीय गिरोह के दो शातिर नशीले पदार्थों के तस्करों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के कब्जे से 199 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 40 लाख रुपये आंकी जा रही है।
रात के अंधेरे में घेराबंदी कर दबोचे गए तस्कर–
मिली जानकारी के अनुसार, 20 जुलाई 2026 की रात करीब 1:50 बजे थानाध्यक्ष अमित कुमार पाण्डेय अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बखोपुर स्थित सई नदी पुल के पास घेराबंदी की और दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से भारी मात्रा में हेरोइन के अलावा दो मोबाइल, दो पर्स, पहचान पत्र और ₹1,050 नकद बरामद हुए।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:
1.मो. सर्फुद्दीन राईनी (उम्र 36 वर्ष), पुत्र मो. सुभान, निवासी: स्टूवरगंज, वार्ड नं. 07, थाना मोहनियां, जिला कैमूर (भभूआ), बिहार।
2. वाजिद अली (उम्र 19 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय आबिद हुसैन, निवासी: स्टूवरगंज, वार्ड नं. 07, थाना मोहनियां, जिला कैमूर (बिहार) / वर्तमान पता: सदर चौक, वार्ड नं. 34, थाना देहरी, जिला रोहतास (बिहार)।
रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड बनते थे निशाना (मोडस ऑपरेंडी)
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह बिहार से मादक पदार्थ (हेरोइन) लाकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सप्लाई करता था। तस्कर मुख्य रूप से रेलवे स्टेशनों और बस स्टैंडों के आसपास सक्रिय रहते थे, जहाँ वे नशे के आदी लोगों को छोटी-छोटी पुड़ियों में फुटकर दाम पर हेरोइन बेचते थे।
बरामदगी का मादक पदार्थ (हेरोइन): 199 ग्राम (अनुमानित कीमत ₹40 लाख)
मोबाइल: 02 अदद
नगदी ₹1,050
अन्य 02 पर्स व 02 आधार कार्ड
कड़ी कानूनी कार्रवाई
सुजानगंज पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। आरोपी वाजिद अली के अन्य आपराधिक इतिहास के बारे में बिहार पुलिस से संपर्क कर जानकारी जुटाई जा रही है।
*कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:*
क्षेत्राधिकारी शाहगंज श्री गिरेन्द्र कुमार सिंह एवं थानाध्यक्ष अमित कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में उप-निरीक्षक आनंद राय, मुख्य आरक्षी मानस तिवारी, आरक्षी वरुण यादव, अनिल कुमार गौड़ तथा विकेश चौहान की सराहनीय भूमिका रही।
