19 जुलाई को आयोजित होगा ऊमरवैश्य समाज का चतुर्थ प्रतिभा सम्मान समारोह, तैयारियाँ पूरी

मुंगरा बादशाहपुर, जौनपुर । ऊमरवैश्य समाज जौनपुर के सौजन्य से आगामी 19 जुलाई रविवार को चतुर्थ प्रतिभा सम्मान समारोह 2026 का भव्य आयोजन किया जा रहा है।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए ऊमरवैश्य समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगर पालिका चेयरमैन कपिल मुनि ऊमरवैश्य ने बताया कि समाज के होनहार छात्र छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष कुल 217 मेधावी बच्चों का चयन सम्मान के लिए किया गया है, जिसमें हाईस्कूल के 115 तथा इंटरमीडिएट के 102 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। इस समारोह को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए विभिन्न क्षेत्रों के अनुसार चार प्रमुख स्थल निर्धारित किए गए हैं। मुंगरा बादशाहपुर क्षेत्र के मेधावियों के लिए सृष्टि पैलेस केंद्र बनाया गया है, जहाँ हाईस्कूल के 27 और इंटरमीडिएट के 19 छात्र-छात्राओं सहित कुल 46 बच्चों को सम्मानित किया जाएगा। मछलीशहर क्षेत्र के लिए राजमहल पैलेस को केंद्र निर्धारित किया गया है, जहाँ हाईस्कूल के 29 और इंटरमीडिएट के 26 विद्यार्थियों सहित कुल 55 बच्चों का सम्मान होगा। मीरगंज बाजार क्षेत्र के छात्र छात्राओं के लिए प्राथमिक विद्यालय मीरगंज बाजार केंद्र तय किया गया है, जहाँ हाईस्कूल के 14 और इंटरमीडिएट के 18 बच्चों सहित कुल 32 मेधावियों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसी प्रकार, सुजानगंज क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कुल 84 बच्चों को सम्मानित किया जाएगा, जिसमें हाईस्कूल के 45 और इंटरमीडिएट के 39 विद्यार्थी शामिल हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष कपिल मुनि ऊमरवैश्य ने समाज के लोगों से इस आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने में क्षेत्रीय अध्यक्ष राजकुमार राजू, जिला अध्यक्ष प्रदीप कुमार ऊमरवैश्य, जिला उपाध्यक्ष राकेश कुमार, संतोष कुमार और अनिल कुमार गोलन समेत समाज के पदाधिकारी व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मुस्तैदी से जुटे हुए हैं। सभी केंद्रों पर समारोह को लेकर उत्साह का माहौल है और तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
