विद्यालय की स्थापना के उद्देश्य की हो रही पूर्ति- राज माता सीता कुमारी

प्रदेश एवं जनपद में स्थान प्राप्त करने वाले छात्र छात्राओं को किया गया सम्मानित
———————————–
गोविंद मिश्रा की रिपोर्ट
कोरांव, प्रयागराज। गोपाल विद्यालय इंटर कॉलेज के प्रांगण में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित कक्षा दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षा 2024 में प्रदेश एवं जनपद स्तर पर जिन छात्र-छात्राओं ने अपना स्थान बनाया था, उन छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने का कार्य गोपाल विद्यालय प्रबंध समिति उपाध्यक्ष रुद्र नारायण बाजपेई द्वारा किया गया।
गोपाल विद्यालय इण्टर कॉलेज प्रबंध समिति की अध्यक्षा राजमाता सीता कुमारी पत्नी स्व0 राजा बहादुर राजा विश्वनाथ प्रताप सिंह पूर्व प्रधानमंत्री भारत सरकार के आदेश पर कक्षा बारहवीं में प्रदेश में अपना स्थान बनाने वाले छात्र को 11000 नगद तथा कक्षा दसवीं में स्थान बनाने वाले छात्र-छात्राओं को प्रति छात्र 7500 नगद साथ ही जिले में स्थान बनाने वाले प्रत्येक छात्र-छात्रा को 2100 नगद उपाध्यक्ष रुद्र नारायण बाजपेई द्वारा दिया गया। राजमाता सीता कुमारी ने बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की।
विद्यालय के प्रबंधक राजा अजेय सिंह ने मोबाइल वार्ता के दौरान खुशी जाहिर करते हुए भाव विभोर हुए और उन्होंने कहा कि जिस उद्देश्य की पूर्ति के लिए मेरे पिता ने इस विद्यालय की स्थापना की थी आज विद्यालय उस उद्देश्य को प्राप्त कर रहा है। निरंतर प्रगति पर बढ़ता रहे और शिक्षा सुचारू रूप से मिलती रहे यही मेरी कामना है। उपाध्यक्ष रुद्र नारायण बाजपेई ने प्रांगण में उपस्थित सभी अभिभावकों का माल्यार्पण एवं तिलक लगाकर स्वागत किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉक्टर मोहम्मद साबिर अली ने आए हुए सभी अभिभावकों छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के उप प्रधानाचार्य डॉक्टर कमलेश त्रिपाठी, विभागाध्यक्ष बृजेश श्रीवास्तव, गोविन्द मिश्रा एवं समस्त अध्यापक अध्यापिका छात्र-छात्रा और अभिभावक उपस्थित रहे।
