पट्टा खत्म होने के बावजूद भी गोंडा पहाड़ में हो रहाअवैध खनन, जिम्मेदार अधिकारी बने अनजान, शिकायत कर्ता ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर की कार्यवाही की मांग
भारतीय सहारा संवाददाता
चित्रकूट। क्रेशर नगरी भरतकूप व उसके आसपास के इलाकों के पहाड़ों में अवैध खनन जोरो पर चल रहा है जहां पर यह दबंग पट्टा धारक लीज़ खत्म हो जाने के बाद भी मनमाने तरीके से अवैध खनन कराते हैं और सरकारी राजस्व को क्षति पहुंचाने का काम करते हैं लेकिन जब इस अवैध खनन की शिकायत जिम्मेदार अधिकारियों से की जाती है तो वह भी खामोशी से बैठे रहते हैं जिसके कारण यह खनन माफिया अपनी मनमानी करते हुए पुक लैंड लगाकर खनन करवाते हैं ।
ऐसा ही एक मामला सामने आया है गोंडा पहाड़ के गाटा संख्या 1078 का वरिष्ठ पत्रकार व सामाजिक कार्यकर्ता लवलेश पांडेय ने मुख्यमंत्री सहित जिम्मेदार अधिकारियों को लिखे गए शिकायती पत्र में बताया कि गोंडा पहाड़ के गाटा संख्या 1078 खंड 15, 17 व 18 में मनमाने तरीके से अवैध खनन किया जा रहा है जिसमें बृजेश कुमार गर्ग पुत्र स्वर्गीय रामचंद्र गर्ग जिसको गाटा संख्या 1078 खंड 15 क्षेत्रफल 6 एकड़ ग्राम गोंडा भरतकूप कर्वी जिला चित्रकूट में ग्रेनाइट का पट्टा है जिसमें लगभग 6 पोकलैंड मशीनों द्वारा मानक से अधिक खनन करवाया जा रहा है बृजेश कुमार गर्ग गोंडा पहाड़ के गाटा संख्या 1078 के खण्ड 15 पट्टे का mm11 रॉयल्टी जिसकी आईडी नंबर 4872 5777 5974 नवंबर 2021 से पूर्ण रुप से बंद है mm11 बंद होने के बावजूद भी पट्टा धारक मनमाने तरीके से 6 पुक़लैंड मशीनों से अवैध खनन करवा रहा है जिसमें मशीनों का कोई भी किसी प्रकार का कोई आदेश नहीं है जो पूर्ण रूप से अवैध है ।
श्री पांडे ने अवगत कराते हुए कहा कि गाटा संख्या 1078 के खंड 17 व 18 का पट्टा था जो 2002 में इसकी अवधि समाप्त हो गई थी व पूर्ण रुप से बंद हो गए था लेकिन फिर भी बृजेश कुमार गर्ग द्वारा गाटा संख्या 1078 खंड 15 की आड में खंड 17 व 18 में भी कई सालों से पुकलैंड मशीन द्वारा मनमाने तरीके से अवैध खनन करवा रहा है व मनमाने तरीके से सरकारी राजस्व को चूना लगा रहा है l शिकायतकर्ता के अनुसार खान सुरक्षा महानिदेशक द्वारा माइनिंग धारा 22(3 ) एक्ट 1992 के तहत खदान में खनन दिनांक 21/08 /2018 के तहत 6 एकड़ में खनन करवाने पर रोक लगा दी गई थी इसके बाद डेढ़ एकड़ में खनन करने की परमिशन मिली थी परन्तु इसकी अवहेलना करते हुए खनन माफिया ब्रजेश कुमार गर्ग आज भी पूर्ण रूप से अवैध खनन करवा रहा है व मजदूरों की सुरक्षा को ताक में रखकर किसी ना किसी प्रकार से मजदूरों के जीवन के साथ खिलवाड़ कर रहा है ।
शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री सहित खनिज अधिकारी, जिलाधिकारी, मंडलायुक्त व खनिज निदेशक व खनिज मंत्री को पत्र लिखकर उपरोक्त पट्टा धारक के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है ।
वहीं सूत्रों के अनुसार पता चला है कि जिला खनिज अधिकारी व पट्टा धारक की मिलीभगत से भरतकूप व गोंडा पहाड़ के क्षेत्र में बड़ी मात्रा में पत्थर का अवैध खनन किया जा रहा है व इन खनन माफियाओं से मनमाने तरीके से वसूली की जा रही है जिसके कारण इनके हौसले बुलंद हैं ।
अब देखना यह है कि क्या जिला प्रशासन उपरोक्त मामले को संज्ञान में लेते हुए गोंडा पहाड़ के गाटा संख्या 1078 के खंड 15 ,17 व 18 में अवैध रूप से खनन करने वाले बृजेश कुमार गर्ग के ऊपर कार्यवाही करने का काम करेगा या फिर इसकी मनमानी ऐसे ही चलती रहेगी यह एक बड़ा सवाल है ।
