जितने भी सड़कों पर गड्ढा हो गया है, तत्काल बनवाया जाए – डीएम

जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक संपन्न हुई
—————————————————-
भारतीय सहारा –
जौनपुर (सू0वि0)। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा कृषि विभाग के द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तार से जानकारी प्राप्त की और कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड बनाए जाने हेतु अभियान चलाया जाए। सिंचाई विभाग की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि जनपद के नहरों की स्थिति के संबंध में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि टेल तक पानी पहुंचाया जाना सुनिश्चित करें, कहीं से भी शिकायत न आने पाये। सरकारी विभागों में विद्युत बिल की बकाया राशि ज्यादा होने पर नाराजगी व्यक्त की और कहा कि वसूली करते हुए जल्द से जल्द लक्ष्य पूर्ण किया जाए। जनपद के सड़कों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि नई सड़कों के निर्माण हेतु प्रस्ताव शासन को जल्द से जल्द भेजा जाए और मुख्य मार्गो के मरम्मत का कार्य कराया जाए। जिला पंचायत के द्वारा बनाई गई सड़कों के लिए निर्देश दिया कि अभियान चलाकर गड्ढा मुक्त का कार्य कराया जाए। पी.डब्ल्यू.डी.विभाग को निर्देशित किया कि जितने भी सड़कों पर गड्ढा हो गया है, तत्काल बनवाया जाए। उन्होंने कहा कि पी.डब्ल्यू.डी. की सड़कों पर अतिक्रमण न हो। जिलाधिकारी द्वारा सेतु निगम के द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्यों को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैठक की सूचना के बाद भी बैठक में अनुपस्थित अधिशासी अभियंता शारदा नहर खंड 36 और 39, शारदा नगर सुल्तानपुर और आजमगढ़ के अधिशासी अभियंता, उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम इकाई वाराणसी और सचिव मंडी निर्माण खंड का एक दिन का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया। नहरों में पानी को लेकर सबसे अधिक शिकायत बदलापुर से आती है, इस शिकायत का समाधान करने को कहा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अनुपम शुक्ला, जिला विकास अधिकारी बी.बी. सिंह, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी रामदरस यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
