आधार सत्यापन के उपरान्त ही मिलेगा पीएम किसान सम्मान निधि योजना का लाभ
बहराइच । उप कृषि निदेशक डाॅ. आर.के. सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए पीएम-किसान पोर्टल पर पंजीकृत किसानों का आधार सत्यापन अनिवार्य कर दिया गया है। डाॅ. सिंह ने बताया कि ऐसे लाभार्थी जिन्हें योजनान्तर्गत 01 से 03 किश्तें प्राप्त हो चुकी हैं, परन्तु उनका पीएम-किसान पोर्टल पर आधार सत्यापित नहीं है, ऐसे किसानों की आगामी किश्तें आधार सत्यापन न होने के कारण भारत सरकार द्वारा रोक दी गयी है।
उप कृषि निदेशक डाॅ. सिंह ने किसानों को सुझाव दिया है कि पीएम-किसान पोर्टल पर पंजीकृत किसान आधार सत्यापन की स्थिति जानने के लिये पीएम-किसान पोर्टल पीएम किसान डाट जीओवी डाट इन के फार्मर कार्नर पर जाकर बेनिफिशरी स्टेटस आपशन सेलेक्ट कर अपना आधार अथवा बैंक खाता संख्या डालकर स्टेटस चेक कर सकते हैं।
डाॅ. सिंह ने यह भी बताया कि ऐसे किसान जिनका आधार सत्यापित नहीं है, वे अपने आधार कार्ड व बैंक पासबुक की छाया प्रति के साथ कृषि विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारियों से सम्पर्क कर अथवा जनसुविधा केन्द्र या विकास खण्ड के राजकीय कृषि बीज भण्डार पर जाकर अपना आधार सत्यापित करा लें ताकि उन्हें योजना की आगामी किश्तें निर्बाध रूप से प्राप्त होती रहें।
