रंगोली में दिखी प्रतिभा ,एमबी पब्लिक स्कूल में रंगोली प्रतियोगिता सम्पन्न


भारतीय सहारा संवाददाता
मुंगराबादशाहपुर, जौनपुर। एमबी पब्लिक स्कूल में रंगोली प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा 1 से लेकर कक्षा 10 तक के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी कला व रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे विद्यालय परिसर में रंगों की छटा बिखरी रही। बच्चों ने रंग, फूल और दीपों से ऐसी मनमोहक रंगोलियां बनाई कि देखने वाले मंत्रमुग्ध हो गए।
प्रतियोगिता में बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण, धरती बचाओ-भविष्य बचाओ, घर-घर तिरंगा, भारतीय संस्कृति, योग एवं जीवनशैली जैसे विषयों को रंगोली के माध्यम से जीवंत कर दिया। हर रंगोली में कोई न कोई सामाजिक संदेश छिपा था। रंगों के संयोजन, स्वच्छता और विषय की स्पष्टता के आधार पर निर्णायकों ने मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान कक्षा 10 की लड़कियों काशिश प्रजापति, अंकिता पाल और लड़कों में कार्तिक गौतम ने द्वितीय स्थान कक्षा 7 की अंशिका सरोज, स्नेहा पटेल, श्रेया पाल, अदिती पाल ने व तृतीय स्थान कक्षा 3 की आराध्या यादव, श्रुति पाल, रागिनी सोनी, अंशिका पटेल, श्रेया पाल की टीम ने घर-घर तिरंगा विषय पर बनाई रंगोली के लिए प्राप्त किया। छोटी बच्चियों की इस प्रस्तुति ने सबका दिल जीत लिया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से बच्चों के अंदर छुपी प्रतिभाएं निखरती हैं। किताबी ज्ञान के साथ-साथ कला, रचनात्मकता और आत्मविश्वास भी बढ़ता है। प्रतियोगिता से बच्चों में टीम भावना और अनुशासन का विकास होता है। अंत में विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। अन्य प्रतिभागियों का भी उत्साह बढ़ाया गया।
