भारतीय सहारा | जन-जन की बुलंद आवाज

सेवा और संवेदना की मिसाल बना मदद फाउंडेशन, जरूरतमंद परिवारों को बांटी दीपावली किट

0 3

भारतीय सहारा संवाददाता

प्रयागराज। दीपावली का पर्व हर घर में खुशियों और रोशनी का संदेश लेकर आता है, लेकिन समाज में आज भी ऐसे अनेक परिवार हैं, जिनके लिए आर्थिक तंगी और संसाधनों का अभाव त्योहार की खुशियों को फीका कर देता है। ऐसे ही परिवारों के जीवन में खुशियों का उजाला भरने के उद्देश्य से मदद फाउंडेशन की ओर से इस वर्ष भी दीपावली के अवसर पर प्रयागराज शहर में निराश्रित एवं जरूरतमंद परिवारों को दीपावली किट वितरित की गई।

मदद फाउंडेशन के संस्थापक मंगला प्रसाद तिवारी एवं सह-संस्थापिका अमृता तिवारी के नेतृत्व में संचालित इस अभियान की तैयारी करीब एक सप्ताह पहले से ही शुरू हो जाती है। संस्था की टीम जरूरतमंद परिवारों को चिह्नित करने और उनकी सूची तैयार करने में जुट जाती है। इसके साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से आम लोगों से भी ऐसे परिवारों के नाम और लोकेशन साझा करने की अपील की जाती है, जो आर्थिक तंगी और संसाधनों के अभाव में दीपावली का त्योहार नहीं मना पाते।

तैयार सूची के आधार पर दीपावली के दिन संस्था की टीम शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर जरूरतमंद परिवारों के घरों पर दीपावली किट उपलब्ध कराती है। इस दौरान सहायता केवल पहले से चिह्नित परिवारों तक सीमित नहीं रहती, बल्कि रास्ते में मिलने वाले जरूरतमंदों को भी अभियान से जोड़ा जाता है। इनमें हाथ रिक्शा चलाकर जीवनयापन करने वाले दिव्यांगजन, फुटपाथ पर रहने वाले निराश्रित और अन्य असहाय लोग शामिल होते हैं। संस्था का प्रयास रहता है कि कोई भी वास्तविक जरूरतमंद इस पहल से वंचित न रह जाए।

दीपावली किट में परिवारों की दैनिक आवश्यकताओं और त्योहार की खुशियों को ध्यान में रखते हुए आटा, चावल, दाल, रिफाइंड तेल, नमक, मसाले, मिठाई, लाई, आलू, दीपक, माचिस सहित अन्य जरूरी सामग्री शामिल की जाती है, ताकि जरूरतमंद परिवार भी अपने घर में दीप जलाकर त्योहार मना सकें।
इस अभियान की एक विशेष बात यह है कि दीपावली किट वितरण पर आने वाले खर्च का भार संस्था के सदस्य सामूहिक रूप से उठाते हैं। इसके साथ ही क्राउडफंडिंग के माध्यम से भी जनसहयोग जुटाया जाता है। संस्था के सदस्य और शुभचिंतक अपनी सामर्थ्य के अनुसार आर्थिक सहयोग देकर इस सेवा अभियान को सफल बनाते हैं। संस्था का मानना है कि समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि सामूहिक सामाजिक जिम्मेदारी है।

संस्थापक मंगला प्रसाद तिवारी का कहना है कि दीपावली ऐसा पर्व है, जिस दिन हर व्यक्ति के मन में खुशी और हर घर में रोशनी होनी चाहिए। समाज में बहुत से ऐसे परिवार हैं, जो संसाधनों के अभाव में त्योहार की खुशियों से वंचित रह जाते हैं। मदद फाउंडेशन का यह छोटा सा प्रयास है कि दीपावली किट के माध्यम से ऐसे परिवारों तक खुशियां पहुंचाई जा सकें और उनके चेहरों पर मुस्कान लाई जा सके। उनका मानना है कि सेवा का वास्तविक उद्देश्य केवल सहायता सामग्री वितरित करना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के सम्मान और उनकी खुशियों का भी ध्यान रखना है।

दीपावली किट वितरण अभियान के दौरान संस्था के कई सदस्य एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। अभियान को सफल बनाने में श्रीकांत दीक्षित, हेमंत दुबे, संजय कुमार पांडेय, राजकुमार दुबे, आशुतोष सिंह, सुमित गुप्ता, तरुण अग्रवाल, नंदलाल गुप्ता, राजेश तिवारी, राजेंद्र पाल, राहुल दूबे, शिवमंगल गुप्ता सहित अन्य सदस्यों एवं सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

उल्लेखनीय है कि मदद फाउंडेशन पिछले चार वर्षों से निरंतर सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय है। संस्था भोजन, वस्त्र और अन्य आवश्यक सहायता के माध्यम से निराश्रितों, असहायों एवं संसाधनों के अभाव में जीवनयापन करने वाले लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। संस्था की ‘रविवार की रसोई’ के माध्यम से जरूरतमंदों को निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जाता है, वहीं ‘सर्दी के सिपाही’ अभियान के तहत जरूरतमंदों को गर्म कपड़े वितरित किए जाते हैं।

मदद फाउंडेशन द्वारा प्रयागराज में जरूरतमंद परिवारों को दीपावली किट वितरण
मदद फाउंडेशन का संकल्प समाज के अंतिम पायदान पर खड़े उस व्यक्ति तक पहुंचना है, जो संसाधनों के अभाव में जीवनयापन कर रहा है। संस्था अपनी निष्ठा, लगन, पारदर्शिता और सामूहिक सहयोग के बल पर इस सेवा यात्रा को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Below News
Leave A Reply

Your email address will not be published.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More