वीडियो कांफ्रेंसिंग पर मुख्यमंत्री से वार्ता कर गद गद हुए कुष्ठ जन पेंशन लाभार्थी
बहराइच । प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा दिव्यांग पेंशन योजना, कृष्ठ जन पेंशन योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना व वृद्धावस्था पेंशन योजना एवं प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना की धनराशि प्रदेश के समस्त पेंशनरों के बैंक

खाते में डीबीटी के माध्यम से एक साथ प्रेषित की गयी।
इस अवसर पर प्रदेश के मुखिया ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से पेंशन प्राप्त कर रहे लाभार्थियों से सीधे वार्ता की और कुशलक्षेम के साथ-साथ योजनान्तर्गत लाभ प्राप्त होने के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। चूंकि जनपद बहराइच कुष्ठ जन पेंशन योजनान्तर्गत चयनित है। इसलिए लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के लाईव प्रसारण के समय एन.आई.सी. के वीडियो कांफ्रेंसिंग कक्ष में मौजूद कुष्ठ जन दिव्यांग पेंशन लाभार्थियों कृष्ण पुत्र राम भरोसे व मिश्री लाल पुत्र मोहन से मुख्यमंत्री ने वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से बात भी की। लाभार्थियों द्वारा मुख्यमंत्री को बताया गया कि उन्हें पेंशन की धनराशि समय-समय पर नियमित रूप से प्राप्त हो रही है। इसके अलावा लाभार्थियों ने कोविड-19 महामारी के समय अग्रिम रूप से पेंशन की धनराशि प्रेषित करने के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद भी ज्ञापित किया।
इस अवसर पर जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ए.के. गौतम, जिला कुष्ठ परामर्शदाता एवं कार्यक्रम अधिकारी राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम बहराइच डा. विनय श्रीवास्तव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
