भारतीय सहारा | जन-जन की बुलंद आवाज

सरकार के कंधे से कंधा मिलाकर चलेगा एंटी कोरोना टास्क फोर्सः कृष्ण झाँ

0 15

कृपा शंकर पाण्डेय की रिपोर्ट

नई दिल्ली। वैश्विक महामारी कोरोना को मात देने के लिए पूरे देश ने कमर कस ली है। केंद्र व राज्य सरकारों के साथ ही देश का हर नागरिक अपने अपने ढंग से इस महामारी को शिकस्त देने में जुटा हुआ है। कोरोना के खिलाफ जारी इस जंग में आम जन को होने वाली परेशानी को कम करने के लिए केंद्र व राज्य सरकारों ने कई तरह की योजनाएं शुरू की है। इन योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक सही तरीके से पहुंच पाये इसका बीड़ा अखिल भारतीय प्रधान संगठन ने उठाया है। इसके लिए संगठन ने बाकायदा एक एंटी कोरोना टास्क फोर्स का गठन किया है।
बता दें कि देश के जाने माने राजनीतिक रणनीतिकार व पॉलिसी मेकर तथा संगठन के राष्ट्रीय संयोजक कृष्ण झा व राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी के नेतृत्व में कोर कमेटी की सलाह पर एक ऑटोनोमस विंग एंटी कोरोना टास्क फोर्स गठित की गई है। टास्क फोर्स के गठन के दौरान संरक्षक शिवकुमार सेनानी,राष्ट्रीय प्रवक्ता सुनील लाठर, राष्ट्रीय महासचिव ज्ञानेंद्र सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नरेश यादव,राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विपिन मिश्रा, सतवीर यादव जिला अध्यक्ष सहारनपुर, बाबा बिजेंद्र सिंह,अरविंद चौधरी, सतेन्द्र यादव, उत्तर प्रदेश अध्यक्ष राम सेवक यादव, संतोष यादव,इंजीनियर नलिन सिंह, गौरव सिंह व आनंद सिंह समेत अन्य कई पदाधिकारी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि अखिल भारतीय प्रधान संगठन की पैठ देश के हर गांव तक है। इसलिए सुरसा की मुंह की तरह बढ़ रहे कोरोना को मात देने के लिए सरकार के कंधे से कंधा मिलाकर इस महामारी को परास्त करने में यह संगठन काफी प्रभावी साबित होगा।
एंटी कोरोना टास्क फोर्स के बारे में जानकारी देते हुए प्रधान संगठन के राष्ट्रीय संयोजक कृष्ण झा एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी ने कहा कि इसके गठन का उद्देश्य केवल और केवल जनसेवा है। दोनों नेताओं ने दावा किया कि हम किसी भी व्यक्ति विशेष से या संस्था से कोई भी आर्थिक सहायता नहीं लेंगे और न ही हमारा संगठन इसकी इजाज़त देगा। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य सरकार का सहयोग करना है। यह संगठन किसी से किसी प्रकार की आर्थिक मदद नहीं लेगा बल्कि अपने स्वयंसेवकों की मदद से सरकार की योजनाओं को लोकल स्तर

पर सही क्रियान्वयन में अपना योगदान देगा। इसी के साथ सरकार द्वारा की गई राहत घोषणाओं की मॉनिटरिंग करेगा ताकि जरूरतमंद लोगों तक बगैर किसी व्यवधान के इसका लाभ पहुंचे। झा ने कहा कि संगठन के स्वयंसेवक पूरे देश में ग्राम, ब्लाक व जिला स्तर पर भोजन, मास्क, मेडिकल सहायता व सैनिटाइजर वितरित कर आम जन को जागरूक करने की दिशा में लगातार काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि चूंकि देश की 70 फीसदी आबादी गांवों में निवास करती है इसलिए पंचायत को केंद्र बिंदु मानते हुए जिला प्रशासन व ग्राम प्रधान के बीच सीधा समन्वय स्थापित कर ही सरकार की योजनाएं सही हाथों तक पहुंच सकती है। इसे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी समझा है और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी। दोनों ही राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने ग्राम प्रधानों से बात कर संकट की इस घड़ी में कंधे से कंधा मिलाकर चलने का आग्रह किया है। झा ने कहा कि हमारा संगठन सरकार को पूरा सहयोग करने के लिए कृत संकल्प है। उन्होंने देशवासियों से अपील की कि वे सरकार के निर्देशों का पालन करें ताकि कोरोना को जल्दी से जल्दी नेस्तनाबूत किया जा सके।

Below News
Leave A Reply

Your email address will not be published.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More