रोडवेज बस ने बाइक सवार तीन सगे भाइयों को कुचला,मौके पर मौत
बिजनौर । तीनों भाई मजदूरी करने के लिए जा रहे थे लेकिन रास्ते में काल के गाल में समा गए। रोडवेज बस ने बाइक सवार तीन सगे भाइयों को कुचल दिया। जिससे तीनों भाइयों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजनौर-चांदपुर रोड पर जाम लगा दिया। खबर लिखे जाने तक मौके पर सीओ सहित कई थानों की फोर्स बुला ली गई है।
ज्ञात हो कि रविवार को गांव सिकंदरी निवासी लोकेंद्र(22 वर्ष), जितेंद्र(20 वर्ष) और रोहित(17) पुत्रगण चरण सिंह मजदूरी करने के लिए घर से निकले थे। करीब नौ बजे एक ही बाइक पर सवार तीनों भाई शाहपुर लाल के निकट पहुंचे तो सामने से आ रही धामपुर डिपो की बस ने टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस काफी तेज गति में थी जोकि बिजनौर से गजरौला जा रही थी। टक्कर लगते ही तीनों भाईयों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। परिजनों को सूचना लगी तो कोहराम मच गया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। जिन्होंने सड़क पर जाम लगा दिया।
