भारतीय सहारा | जन-जन की बुलंद आवाज

कल सुबह 10:30 बजे कैबिनेट का विस्तार, आज मोदी संग लिस्ट फाइनल करेंगे शाह

0 26

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को सुबह 10:30 बजे अपने कैबिनेट का विस्तार करेंगे. पहले यह सुबह 10 बजे होना था, ले‍किन अब समय में बदलाव किया गया है. इससे पहले बैठकों का दौर जारी है. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह आज संभावित मंत्रियों से मिल रहे हैं. दिल्ली में उनके आवास पर बैठक शुरू हो गई है. दिल्ली से सांसद और पूर्व सीएम साहिब सिंह वर्मा के बेटे प्रवेश वर्मा अमित शाह के आवास पहुंच गए हैं. प्रवेश वर्मा को मंत्री बनाया जा सकता है. इसके अलावा चित्तौड़गढ़ से सांसद सीपी जोशी भी कैबिनेट में शामिल हो सकते हैं. इससे पहले शाह संघ की बैठक में शामिल होने के लिए वृंदावन में थे, आज ही वो दिल्ली पहुंचे हैं. दिल्ली रवाना होने से पहले अमित शाह ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के साथ भी दूसरे दौर की मीटिंग की. मीटिंग में मोदी कैबिनेट को लेकर चर्चा की गई.

मोदी-शाह करेंगे लिस्ट फाइनल

 

अमित शाह शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अंतिम दौर की चर्चा कर कैबिनेट मंत्रिमंडल विस्तार को शेप देंगे. मंत्रिमंडल में शामिल किए जा रहे हैं नए चेहरों और किन-किन के विभाग बदले जाने हैं, सब पर अमित शाह प्रधानमंत्री से अंतिम दौर की चर्चा करेंगे. शाह पहले अपने आवास पर मीटिंग करेंगे फिर उसके बाद वो पीएम से मिलेंगे.

ऑफर से नाखुश हुई जेडीयू

हाल ही में एनडीए में शामिल हुई जेडीयू के मोदी कैबिनेट में शामिल होने पर संशय बढ़ गया है. जेडीयू के शीर्ष नेताओं को अभी तक बातचीत के लिए भी नहीं बुलाया गया है. खबर है कि नीतीश कुमार बीजेपी के ऑफर से खुश नहीं है. जेडीयू नेता केसी त्यागी ने कहा कि मंत्रिमंडल प्रधानमंत्री का विशेषाधिकार है. वहीं शिवसेना का कहना है कि उनकी कोई विशेष मांग नहीं है.

AIADMK भी नहीं होगी शामिल

इसके अलावा इन अटकलों पर भी विराम लगा है कि मोदी कैबिनेट में एक एआईएडीएमके को जगह मिलेगी. सूत्रों की मानें तो एआईएडीएमके भी कैबिनेट में शामिल नहीं होगी. अब तक मोदी सरकार और तमिलनाडु के सत्ताधारी दल के बीच कोई आधिकारिक वार्ता नहीं हुई हैं. प्रधानमंत्री ने सीएम ई. पलानीस्वामी और उप मुख्यमंत्री ओ पनीरसेल्वम दोनों के साथ बैठक की. एआईएडीएमके के विभिन्न राजनीतिक नेताओं और सांसदों ने राज्य के मामलों पर मार्गदर्शन के लिए हाल ही में केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की, लेकिन एआईएडीएमके के एनडीए में शामिल होने पर अभी कोई आधिकारिक बात नहीं हुई है.

हाल ही में अन्नाद्रमुक नेता और उप लोकसभा अध्यक्ष थंबीदुरई की प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात के बाद अफवाहों को फिर से हवा मिली थी. अटकलें चल रही थीं कि एआईएडीएमके को एक कैबिनेट पद मिलेगा, लेकिन सूत्रों ने इस पर भी इनकार कर दिया है.

कई पर गिरी गाज

मंत्रिमंडल फेरबदल को लेकर गृह मंत्री राजनाथ सिंह के घर पर भी कल रात बैठक हुई. बैठक में केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली, सुषमा स्वराज, नितिन गडकरी भी शामिल हुए थे. चारों मंत्रियों को पीएम मोदी और अमित शाह की तरफ से उपयुक्त संभावितों की सूची को शॉर्टलिस्ट करने के लिए कहा गया. इन सभी ने मंत्रिमंडल में शामिल होने के लिए भाजपा नेताओं की एक लंबी सूची का अध्ययन किया, जिसमें 7-8 राज्यों के नेता शामिल थे. संभावितों की एक शॉर्टलिस्ट बनाई गई. जाति, क्षेत्र और राज्यों के अन्य तत्वों के आधार पर लिस्ट तैयार की गई. चार मंत्रियों ने अमित शाह को सूची भेज दी.

वहीं फेरबदल से पहले कई मंत्रियों की छुट्टी भी गई है. बंदारु दत्तात्रेय ने श्रंम मंत्री की कुर्सी छोड़ी. राजीव प्रताप रुडी, फग्गन सिंह कुलस्ते और संजीव बाल्यान ने भी इस्तीफा सौंप दिया है. उमा भारती पर भी गंगा प्रोजेक्ट में देरी की गाज गिर गई है. उन्होंने ने भी पीएम को इस्तीफा सौंप दिया है, लेकिन अभी तक प्रधानमंत्री ने फैसला नहीं लिया है. कलराज मिश्र भी मंत्रीपद से इस्तीफा दे चुके हैं. उन्हें राज्यपाल बनाए जाने के कयास हैं.

Below News
Leave A Reply

Your email address will not be published.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More