भारतीय सहारा | जन-जन की बुलंद आवाज

364 बदलापुर विधानसभा के सपा नेता तनुज पाण्डेय से भारतीय सहारा की खास बातचीत का कुछ अंश

0 22


सवाल : आप 364 बदलापुर विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में पिछले कई वर्षों से लगातार सक्रिय हैं। इस लंबे जुड़ाव को आप किस रूप में देखते हैं?
जवाब: मैं पिछले करीब 15 वर्षों से बदलापुर विधानसभा क्षेत्र की जनता के बीच लगातार संपर्क में हूं। इस दौरान क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को करीब से समझने, उनके सुख-दुख में साथ खड़े रहने और जनहित के मुद्दों को उठाने का प्रयास किया है। लंबे समय से मेरा प्रयास रहा है कि क्षेत्र की जनता के बीच रहकर संगठन को मजबूत किया जाए और आने वाले समय में यदि पार्टी नेतृत्व और जनता का अवसर मिलता है तो पूरी जिम्मेदारी के साथ क्षेत्र की सेवा की जा सके। मेरी यह तैयारी किसी चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि लंबे समय से जनता के बीच लगातार काम करने की प्रक्रिया का हिस्सा है।
सवाल : बदलापुर क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या आपके नजरिए में क्या है?
जवाब: क्षेत्र में सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और किसानों से जुड़ी समस्याएं महत्वपूर्ण हैं। इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम करने की जरूरत है।
सवाल : क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए आपकी क्या सोच है?
जवाब: युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिले, इसके लिए छोटे उद्योग, लघु उद्यम, कौशल प्रशिक्षण और स्वरोजगार को बढ़ावा देना जरूरी है। मेरा प्रयास रहेगा कि युवाओं की आवाज शासन-प्रशासन तक मजबूती से पहुंचे।
सवाल : बदलापुर में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर आपकी क्या प्राथमिकता होगी?
जवाब: सरकारी अस्पतालों में डॉक्टर, दवाइयां, जांच और जरूरी सुविधाएं पर्याप्त हों, यह प्राथमिकता होनी चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को इलाज के लिए दूर न जाना पड़े, इसके लिए स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करना जरूरी है।
सवाल : किसानों की समस्याओं को लेकर आप क्या कहना चाहेंगे?
जवाब: किसान को उसकी उपज का उचित मूल्य, समय पर खाद-बीज, सिंचाई की सुविधा और सरकारी योजनाओं का पारदर्शी लाभ मिलना चाहिए। किसानों की समस्याओं को राजनीतिक मुद्दा बनाने के बजाय उनके समाधान पर काम होना चाहिए।
सवाल : बिजली व्यवस्था को लेकर क्षेत्र की जनता की शिकायतों पर आपकी क्या राय है?
जवाब: बिजली आपूर्ति में लगातार सुधार की जरूरत है।
जब किसान भाईयों को बिजली की सबसे ज्यादा आवश्यकता होती है(धान की फसल के लिए) तभी बिजली की व्यवस्था गड़बड़ होती है जिससे धान की खेती प्रभावित होती है, अगर मुझे प्रतिनिधित्व का अवसर प्राप्त हुआ तो मैं किसान भाईयों की इस समस्या के स्थाई समाधान हेतु मजबूत कदम उठाऊंगा।
सवाल : सड़क और पुलों के निर्माण को आप किस नजर से देखते हैं?
जवाब: सड़क और पुल विकास की बुनियादी जरूरत हैं। जहां निर्माण कार्य हो चुके हैं, वहां गुणवत्ता की निगरानी भी उतनी ही जरूरी है। जनता के पैसे से होने वाले प्रत्येक विकास कार्य में पारदर्शिता होनी चाहिए।
सवाल : 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर आपकी तैयारी कैसी है?
जवाब: चुनाव लोकतंत्र का महत्वपूर्ण पर्व है। मैं लगातार जनता के बीच रहकर उनकी समस्याएं सुनने और संगठन के साथ मिलकर काम करने पर ध्यान दे रहा हूं। अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व का होगा।
सवाल : यदि आपको जनता का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलता है तो आपकी पहली तीन प्राथमिकताएं क्या होंगी?
जवाब: मेरी प्राथमिकताओं में रोजगार, स्वास्थ्य और क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करना शामिल होगा। साथ ही जनता से नियमित संवाद बनाए रखना मेरी प्राथमिकता होगी।
सवाल : बदलापुर की जनता के नाम आपका संदेश क्या है?
जवाब: मैं जनता से अपील करता हूं कि वे अपने क्षेत्र के मुद्दों पर खुलकर सवाल करें और जनप्रतिनिधियों से विकास कार्यों का हिसाब मांगें। मैं हमेशा जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को उठाने का प्रयास करूंगा।

Below News
Leave A Reply

Your email address will not be published.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More