सिटी पब्लिक स्कूल एंड कॉलेज में मॉक ड्रिल,बच्चों ने सीखे आग से बचाव और सुरक्षा के गुर




मुंगराबादशाहपुर, जौनपुर। शनिवार को सिटी पब्लिक स्कूल एंड कॉलेज में आपदा प्रबंधन और सुरक्षा को लेकर एक विशेष मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यालयी भवन में आग लगने जैसी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए बच्चों और शिक्षकों को व्यावहारिक रूप से प्रशिक्षित करना था।
प्रबंधक आलोक कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभ्यास कार्यक्रम में ट्रेनर आदित्य कुमार गुप्ता, पवन कुमार और रंजीत कुमार ने छात्र-छात्राओं को सुरक्षा के महत्वपूर्ण गुर सिखाए।कार्यक्रम की शुरुआत आपातकालीन सायरन बजाकर की गई जिसकी गूंज सुनते ही कक्षाओं में मौजूद बच्चे शिक्षक-शिक्षिकाओं के नेतृत्व में सतर्क हो गए।सायरन बजते ही बच्चे कक्षाओं से बाहर निकलकर सुरक्षित तरीके से तेजी से विद्यालय के मैदान की तरफ भागने लगे। अध्यापकों ने पूरी मुस्तैदी दिखाते हुए सभी बच्चों को सुरक्षित रूप से खुले मैदान परिसर में पंक्तिबद्ध बैठाया। इसके बाद, ट्रेनर आदित्य कुमार गुप्ता, पवन कुमार और रंजीत कुमार ने बच्चों को विद्यालय भवन में आग से निपटने के लिए लगाई गई विशेष पाइपलाइन और अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग की लाइव ट्रेनिंग दी। बच्चों ने खुद आगे बढ़कर पूरी बिल्डिंग में बिछाई गई पाइपलाइन के वॉल्व खोले और पानी चालू करते हुए पाइप के जरिए आग बुझाने का मॉक ड्रिल किया। इसके साथ ही पोर्टेबल अग्निशामक यंत्रों (फायर एक्सटिंग्वेशर) का इस्तेमाल करने का तरीका भी लाइव करके दिखाया गया। इस दौरान बच्चों ने आग बुझाना और फायर एक्सटिंग्वेशर चलाना सीखा, तथा धुएं के बीच बिना घबराए, झुककर सुरक्षित बाहर निकलने का अभ्यास किया। बच्चों को यह भी सिखाया गया कि आग दिखने पर शोर मचाकर बड़ों को अलर्ट करना चाहिए, खुद सुरक्षित तरीके से आग बुझाने का प्रयास करना चाहिए, तथा आग लगने पर तुरंत आपातकालीन नंबर 101 या 112 पर कॉल करना चाहिए। इस दौरान विद्यालय के प्रबंधक आलोक कुमार गुप्ता ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस तरह के मॉक ड्रिल से विद्यार्थियों में आपात स्थिति के दौरान घबराने के बजाय संयम और सूझबूझ से काम लेने की क्षमता विकसित होती है। इस सफल मॉक ड्रिल में प्रधानाचार्य रमेश चंद्र मिश्रा, नीरज मिश्रा सहित विद्यालय के सभी अध्यापकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने पूरी सक्रियता के साथ हिस्सा लिया।
