भारतीय सहारा | जन-जन की बुलंद आवाज

गन्ना किसानों व उनके परिवार के सदस्यों को मिलेगा सामाजिक सुरक्षा कवच

0 4

जौनपुर (सू.वि.)। जिला गन्ना अधिकारी रंजीत कुमार निराला ने जानकारी दी है कि प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की प्रेरणा एवं शासन के निर्देशों के क्रम में चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा जनपद के गन्ना कृषकों एवं उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा, आर्थिक संरक्षण एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जिले की सभी सहकारी गन्ना विकास समितियों में जुलाई 2026 के द्वितीय सप्ताह के दौरान विशेष जागरूकता एवं नामांकन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह अभियान प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से अधिकाधिक गन्ना कृषकों एवं उनके परिवारों को विभिन्न बीमा पेंशन तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ा जाएगा।

जिला गन्ना अधिकारी द्वारा यह भी बताया गया कि इस कार्यक्रम के अंतर्गत छोटी गन्ना समितियों में तीन दिवसीय तथा बड़ी गन्ना समितियों में पांच दिवसीय कृषक गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। इन गोष्ठियों में किसानों एवं उनके परिवारों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। साथ ही पात्र लाभार्थियों का मौके पर ही नामांकन कराने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। गोष्ठी स्थलों पर बैंक, इफको, चीनी मिल एवं गन्ना समितियों द्वारा संयुक्त रूप से सहायता एवं नामांकन काउंटर स्थापित किए जाएंगे। इन काउंटरों के माध्यम से किसानों को योजनाओं की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, प्रीमियम, लाभ एवं नामांकन प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त नए कृषक सदस्यों का समिति में पंजीकरण, बैंक खाते खुलवाने, दस्तावेजों की फोटोकॉपी तथा अन्य आवश्यक सेवाओं की व्यवस्था भी की जाएगी जिससे किसानों को एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

जिला गन्ना अधिकारी द्वारा यह भी बताया गया कि गन्ना पर्यवेक्षकों को अपने-अपने क्षेत्र के सभी गांवों में जाकर किसानों को कार्यक्रम की तिथियों, योजनाओं के लाभ तथा आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में जानकारी देने तथा उनकी सहभागिता सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही महिला स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को विशेष रूप से आमंत्रित कर उन्हें सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने एवं महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।

जिला गन्ना अधिकारी ने कहा कि यह विशेष अभियान गन्ना कृषकों एवं उनके परिवारों को दुर्घटना, मृत्यु, वृद्धावस्था तथा अन्य सामाजिक-आर्थिक जोखिमों के विरुद्ध सुरक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें वित्तीय एवं सामाजिक सुरक्षा के व्यापक दायरे में लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की पहुंच बढ़ेगी तथा किसानों एवं उनके परिवारों के जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार आएगा।

Below News
Leave A Reply

Your email address will not be published.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More