जेएनसीयू के विधि पाठ्यक्रम की कक्षाएँ हुईं आरंभ


प्रज्ञा पाण्डेय की रिपोर्ट
बलिया। जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय के विधि संकाय के अंतर्गत पंचवर्षीय पाठ्यक्रम बीए- एलएलबी की कक्षाएँ बुधवार को आरंभ हुईं। इस अवसर पर प्रथम दिवस को नवप्रवेशित विद्यार्थियों के निमित्त प्रेरण/परिचय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. संजीत कुमार गुप्ता ने अच्छे भविष्य के निर्माण के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। कुलपति ने विद्यार्थियों के मनोबल को बढ़ाने के साथ ही इस व्यवसायिक पाठ्यक्रम के महत्व एवं इससे जुड़े कैरियर के अवसरों से भी विद्यार्थियों को परिचित कराया।
इस अवसर पर सभी नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने अपना परिचय दिया। इस अवसर पर इस पाठ्यक्रम के सभी प्राध्यापकों द्वारा अपने विषय के पाठ्यक्रम तथा उसके महत्व को बताया गया। निदेशक, शैक्षणिक डॉ. पुष्पा मिश्रा ने शुभकामनाएं देने के साथ कठिन परिश्रम के साथ अध्ययन- अध्यापन की अपील की। कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन डॉ. अजय कुमार चौबे, प्रभारी संकायाध्यक्ष, विधि संकाय एवं अधिष्ठाता, छात्र कल्याण द्वारा और धन्यवाद ज्ञापन डाॅ. छबिलाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर कुलानुशासक, डॉ. प्रियंका सिंह, डॉ. नीरज कुमार सिंह, डॉ. रजनी चौबे, डॉ. अनुराधा राय, डॉ. शशिभूषण, डॉ. गुंजन कुमार आदि परिसर के प्राध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
